हरे कृष्ण मंदिर में मनेगा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव, आज 10 बजे होगा अभिषेक

0
9

कोटा। मुकुंदरा विहार स्थित हरे कृष्ण मंदिर द्वारा सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया जायेगा। सोमवार 26 अगस्त को प्रातः 07:30 बजे से मध्य रात्रि 12 बजे तक भक्तो को भगवान श्रीकृष्ण -बलराम के नयनभिराम दर्शन करने का सुअवसर प्राप्त होगा।

जन्माष्टमी महोत्सव की शुरुआत सुबह मंगला आरती से शुरू हो जाएगी जो रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण के जन्म के साथ होने वाली महाआरती के साथ संपन्न होगी। मंदिर के उपाध्यक्ष राधाप्रिय दास ने बताया कि

भगवान का अभिषेक सोमवार को प्रातः 10 बजे होगा। पंचामृत और पंचगव्य से किया जाएगा। महाभिषेक नारियल पानी, दिव्य जल, जड़ी- बूटियां, पंचामृत और पंचगव्य से होगा। दिन भर मंदिर में हरे कृष्ण महामंत्र का जाप और कीर्तन होगा। जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम में भाव विभोर होकर नृत्य करेंगे।

मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए बताया की इस बार जन्माष्ठमी पर भक्त सुलभ दर्शन के लिय शाम 5 बजे से पहले पहुंचें। मंदिर में भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग का पुख्ता इंतज़ाम किया गया है।

उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में भक्तों के जुडने की उम्मीद है। जन्माष्टमी की तैयारियां 1 महीने पहले से ही प्रारम्भ हो गयी थी। भगवान श्री कृष्ण कालिया नाग का दमन करते हुए, नलकुवर और मनिग्रिव का उद्धार करते सहित 10 झांकिया बनाई गई हैं।