वन्दे भारत ट्रैन का कोटा मंडल में 160 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से सफल परीक्षण

0
13

कोटा। Trial of Vande Bharat train: अनुसंधान अभिकल्प मानक संगठन, लखनऊ टीम मंडल के परिचालन विभाग के सहयोग से कोटा मंडल में 20 कोच की वन्दे भारत रेक का ट्रायल किया जा रहा है। पूर्व में कोटा मंडल में 18 कोच की वन्देभारत रेक का 180 किमी प्रति घंटा पर सफल ट्रायल किया गया था। इस रेक में 2 कोच बढ़ाने पर यह ट्रायल पुनः ब्रेकिंग सिस्टम बिहेवियर के विभिन्न तकनीकी मानकों के विश्लेषण के लिए किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित मालवीय ने बताया कि 30 जुलाई को इस रेक का ट्रायल लाखेरी-कोटा खण्ड के अप लाइन पर गुडला से लाखेरी के मध्य तीन बार 160 किमी/घंटा की गति से किया गया। लाखेरी स्टेशन से गुड़ला स्टेशन तक अप लाइन पर 160 किमी प्रति घंटा अधिकतम गति पर कपलर फोर्स मापा गया जिसके लिए कपलर एवं पहियों में लगे कई सेंसर से डेटा एकत्र किया गया।

उन्होंने बताया कि यह परीक्षण विशेष रूप से 160 किमी प्रति घंटा से अधिक गति पर इस रेक के दो कोचों को जोड़ने वाले कपलर पर लगने वाले बल का विश्लेषण के लिए किया गया। जिसमें सभी कोचों में यात्रियों के वजन के बराबर भार रखा गया है।

इस रैक का ट्रायल आरडीएसओ के संयुक्त निर्देशक (परीक्षण) एस के यादव के निर्देशन में किया जा रहा है। इस ट्रायल में कोटा के ट्रैफिक निरीक्षक अरविंद पाठक एवं लोको निरीक्षक नाहर सिंह ने लखनऊ टीम के साथ को-आर्डिनेट किया। इस वन्दे भारत रेक का 31 जुलाई को पुनः परीक्षण अप दिशा में लाखेरी-कोटा के बीच आपातकालीन ब्रेकिंग के डेटा विश्लेषण के लिए किया जाएगा।