एनीमिया मुक्त राजस्थान के लिए कार्य होगा, नए जिलों में रेडक्रॉस सोसायटी बनेगी

0
13

राज्यपाल कलराज मिश्र की अध्यक्षता में रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य स्तरीय समीक्षा

कोटा/जयपुर। Red Cross Society: राज्य में विद्यार्थियों को निशुल्क एक दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण की पहल होगी। चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और रेडक्रॉस सोसायटी के समन्वय से प्रदेश में इसे क्रियान्वित किया जाएगा। यह बात राज्यपाल कलराज मिश्र ने रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में कही।

राज्यपाल मिश्र ने सोमवार को राजभवन में रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस संबंध में शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए हर जिले से चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 10 मास्टर ट्रेनर्स की व्यवस्था की जाएगी।

राज्यपाल ने बैठक में राज्य के 33 जिलों के अलावा नए 17 जिलों में रेडक्रॉस सोसायटी गठन के लिए प्रभावी कार्य किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 31 जुलाई तक आवश्यक रूप से कार्यवाही कर ली जाए। उन्होंने जिलों में पौधरोपण के लिए भी रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सक्रिय भूमिका निभाने और लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण के लिए भी कार्य किए जाने पर जोर दिया।

उन्होंने रेडक्रॉस के जरिए अंगदान और देहदान के लिए लोगों को प्रेरित करने, चिकित्सा उपकरणों में सहयोग के लिए जन सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंगदान के लिए आम जन को जागरूक करने के लिए विद्यालय स्तर पर कार्यवाही हो। विद्यालयी पाठ्यक्रम में इसे शामिल करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जल्द विद्यार्थियों के लिए इसे लागू किया जाएगा।

राज्यपाल मिश्र ने बैठक में टीबी मुक्त राजस्थान के लिए किए जाने वाले कार्यों में रेडक्रॉस की भागीदारी की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि इस संबंध में अधिकाधिक निक्षय मित्र बनाने और आम जन की भागीदारी से कार्य किया जा रहा है।

बैठक में राज्यपाल ने राजस्थान को एनीमिया मुक्त (Anaemia free Rajasthan) किए जाने के लिए भी प्रभावी कार्य किए जाने के निर्देश दिए। इस पर बताया गया कि राजस्थान और विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में एनीमिया बीमारी से मुक्त करने की पहल की जा रही है।

राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों में एनीमिया रोगियों के बारे में नियमित जानकारी लेकर उनके लिए विशेष रूप से कार्य किए जाने पर जोर दिया। बैठक में राज्यपाल ने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और स्क्रीनिंग के लिए किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि मानव कल्याणकारी कार्यों के साथ चिकित्सा और सेवा कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाई जाए। रेडक्रॉस सदस्यों की संख्या में वृद्धि कर इससे जुड़ी गतिविधियों का विस्तार किया जाए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक सहभागिता से राज्य में मानव कल्याण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के सुधारने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा स्वच्छता अभियान के साथ पौधारोपण, रक्तदान, अंगदान और देहदान के लिए रेडक्रॉस के साथ मिलकर अधिकाधिक कार्य किए जाएंगे।

इससे पहले इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी राजस्थान शाखा के चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा द्वारा किए जा रहे कार्यों और रेडक्रॉस स्टेट जनरल सेक्रेट्री जगदीश जिंदल ने प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण के लिए किए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी।