Kota Dussehra: डांस फ्लोर पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोह लिया मन

0
43

कोटा। Kota Dussehra-2023: राष्ट्रीय मेला दशहरा-2023 में मंगलवार को विजयश्री रंगमंच पर बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नृत्य के प्रति नन्हें बच्चों में लगन और प्रतिभा देखकर हर कोई दंग रह गया। बालकों ने नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की शुरुआत आयुक्त सरिता सिंह, अतिरिक्त आयुक्त भावना सिंह, उपायुक्त दयावती सैनी, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास, गौतमलाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों को एके डांस अकेडमी की ओर से ट्रेनिंग दी गई थी।

सबसे पहले एके डांस अकेडमी की ओर से गणेश वन्दना देवा श्री गणेशा.. के साथ नृत्य करते हुए पिरामिड बनाए। हर्षिता पचेरवाल ने कालबेलिया नृत्य से मनमोहा। पार्थ ने गिटार के साथ गायन करते हुए हर किसी को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। निया शर्मा, गौरिमा, श्री नाविष्टि के गरबा क्वीन ग्रुप ने गरबा नृत्य की जबर्दस्त प्रस्तुति दी। राधिका शर्मा ने अपनी मधुर आवाज में “आशिकों में जिसका टाइटल.. टाइटैनिक… आशिक छल्ला..” की प्रस्तुति दी।

नन्हीं श्रेयांसी ने “ओ माई फ्रेंड गणेशा..” पर शानदार प्रस्तुति दी। नंदिनी जोशी ने “थाने काजलियो बणया ल्यूं…” पर राजस्थानी लोक नृत्य किया। धीमहि जोशी ने आध्यात्मिक छटा बिखेरते हुए शानदार प्रस्तुति दी। दर्शिका तिवारी ने “मेरे ढोलना सुन..” पर बंगाली नृत्य किया। नन्ही जिया, समृद्धि ने बनठन चली.. पर डांस किया। डोली शाह, शिवानी, हिमांशु ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी।

गूंजा जय जवान जय किसान
कार्यक्रम के दौरान रक्षु गुर्जर ने आंखों पर पट्टी बांधकर “नैना लागे..” गीत पर अद्भुत नृत्य की प्रस्तुति दी। जॉय का गिविंग संस्था की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इन 21 बच्चों के दल ने सैनिक के जीवन का परिचय देते हुए नाट्य प्रस्तुत किया। किसान का बेटा जिस प्रकार से तैयारी कर सेना में भर्ती होता है। उसके पारिवारिक स्थिति, उसके वीरगति को प्राप्त होने के बाद परिवार की मन:स्थिति के बारे में सजीव चित्रण किया गया। इस दौरान मंच पर जय जवान जय किसान गूंज उठा।