इसरो 21 अक्टूबर को गगनयान मिशन के लिए मानव रहित उड़ान परीक्षण शुरू करेगा

0
103

बैंगलुरू। Gaganyaan Mission: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि वह 21 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से एक परीक्षण यान के प्रक्षेपण के साथ ही गगनयान मिशन के लिए मानव रहित उड़ान (Unmanned flight) परीक्षण शुरू करेगा।

इसरो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मिशन गगनयान : टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान 21 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से निर्धारित है।’ इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने शनिवार को कहा था कि 21 अक्टूबर को टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान के बाद गगनयान कार्यक्रम के तहत 3 और परीक्षण यान मिशन शुरू किए जाएंगे।

इसरो ने गगनयान परियोजना के तहत मानव दल को पृथ्वी की 400 किलोमीटर की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करके उसे भारतीय समुद्री सतह पर उतारकर सुरक्षित रूप से वापस लाने की यान की क्षमता का आकलन करने और मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करने की परिकल्पना की है।

परीक्षण यान की उड़ान (टीवी-डी1) का उद्देश्य क्रू मॉड्यूल (सीएम) का परीक्षण करना है जो अगले साल के अंत में मानव अंतरिक्ष उड़ान के दौरान भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाएगा। टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान में मानव रहित क्रू मॉड्यूल को बाहरी अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करना, इसे पृथ्वी पर वापस लाना और बंगाल की खाड़ी में उतरने के बाद इसे पुनर्प्राप्त करना शामिल है।