प्रत्येक युवा को खेल मैदान में लाना हमारा लक्ष्यः स्पीकर बिरला

0
101

लोक सभा अध्यक्ष ने खेल महोत्सव में सांगोद क्षेत्र विजेताओं को किया सम्मानित

कोटा। कोटा-बूंदी खेल महोत्सव सांगोद विधान सभा क्षेत्र का समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रत्येक युवा को खेल मैदान तक लाना हमारा लक्ष्य है। हम चाहते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाएं आगे आएं और राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करें।

कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित समारोह में स्पीकर बिरला ने कहा कि खेल हमारे जीवन में आत्मविश्वास और अनुशासन लाते हैं। खेल मैदान में आने वाला युवा राष्ट्रभक्त होता है। वह देश के लिए कुछ हासिल करने का सपना देखता है और उस सपने को पूरा करने के लिए खेल मैदान में परिश्रम का पसीना बहाता है। इससे वह स्वस्थ भी रहता है।

बिरला ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें इसके लिए हम ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहे हैं। मल्टीपरपज इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से लेकर खेल मैदानों तक का विकास किया जा रहा है। खिलाड़ियों को और भी जिन सुविधाओं की आवश्यकता होगी वह उपलब्ध करवाई जाएंगी।

पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने खेल महोत्सव के माध्यम से आमजन में खेलों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का सफल प्रयास किया है। उनकी कोशिशों से ही सुल्तानपुर में साढे चार करोड के स्टेडियम की नींव रखी है। लोकसभा अध्यक्ष का प्रयास है गांवों की प्रतिभा निखरे। इसके लिए उन्होंने सांसद निधी या सीएसआर फण्ड से ग्रामीण क्षेत्रों में पैसा दिया है।

कार्यक्रम को हाथरस विधायक मंजूला माहौर ने भी संबोधित किया। भाजपा कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, सांगोद पंचायत समिति प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा, संयोजक खेल महोत्सव विशाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद थे।

बेटियों को आगे आना बड़ी सफलता
लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने कोटा-बूंदी खेल महोत्सव में ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों और सहभागिता को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने बेटियां भी आगे आई और महिलाओं ने भी उत्साह से भाग लिया। इससे उनके भीतर एक नया आत्मविश्वास उत्पन्न हुआ है।