सरकार बचाने के लिए भ्रष्ट मंत्री मुख्यमंत्री गहलोत की मजबूरी बन गए: भरत सिंह

0
108

कोटा। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने बुधवार को झालावाड़ में भ्रष्टाचार के मामले में अपनी ही सरकार को घेरा। बिना नाम लिए खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार बचाने के लिए भ्रष्ट मंत्री मुख्यमंत्री की मजबूरी बन गए हैं।

उन्होंने कहा कि लोग डरते हैं, इसलिए भ्रष्टाचारियों के खिलाफ अपना मुंह नहीं खोलते, लेकिन मैं चुप नहीं बैठूंगा। 23 जनवरी को बारां में विरोध प्रदर्शन करूंगा। कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत भरत सिंह झालावाड़ दौरे पर आए हुए हैं।

कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने कहा कि जिस दिन विधानसभा सत्र शुरू होगा उसी दिन 23 जनवरी को प्रमोद जैन भाया के जिले बारां की जिला कलेक्ट्रेट पर हजारों लोगों के साथ धरना प्रदर्शन करूंगा, ताकि मेरी बात देश और प्रदेश के आला नेताओं तक पहुंच सके और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी से बगावत नहीं कर रहे हैं, बल्कि मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की घोषणा पर अमल कर रहे हैं। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, तो कांग्रेस और ज्यादा मजबूत होगी।

भ्रष्टाचार के मामले में भरत सिंह खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया तक ही नहीं रुके, बल्कि उन्होंने मुख्यमंत्री को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि सरकार बचाने के लिए भ्रष्ट मंत्री मुख्यमंत्री की मजबूरी बन गए हैं। मुख्यमंत्री खुद आज के गांधीवादी नेता हैं, लेकिन सरकार बचाना कोई आसान काम नहीं है। यह काम अशोक गहलोत के अलावा और कोई दूसरा कांग्रेस नेता नहीं कर सकता। इसलिए अशोक गहलोत भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे हुए हैं।