राहुल की यात्रा के दौरान मुश्किलों भरा रहेगा कोटा-झालावाड़ राजमार्ग पर सफर

0
186

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के अगले महीने के पहले सप्ताह में झालावाड़ जिले के रास्ते राजस्थान में प्रवेश के बाद कम से कम पांच दिन तक संभाग से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर यात्रा करने के इच्छुक लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

राहुल गांधी के राजस्थान में प्रवेश के बाद दिसम्बर के पहले सप्ताह में कोटा से झालावाड़ होते हुए मध्य प्रदेश की सीमा तक इस राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर सामान्य यातायात बंद किए जाने की संभावना है। इस अवधि में इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। यह वैकल्पिक रास्ते कौन से होंगे, यह अभी तय नहीं हुआ है।

हालांकि अभी यह भी पक्के तौर पर तय नहीं है कि किस निश्चित तिथि को राहुल गांधी राजस्थान में प्रवेश करेंगे। क्योंकि वर्तमान में राहुल गांधी मध्य प्रदेश के प्रवास पर हैं। इसी बीच उनका एक दिन का गुजरात का चुनावी दौरा बन जाने के कारण उनके राजस्थान के प्रवेश के कार्यक्रम में थोड़ा सा बदलाव हो सकता है।

गुजरात के चुनावी दौरे पर: गुजरात में 1 और 5 दिसम्बर तक विधानसभा की 182 सीटों के लिए मतदान होना है। इसके पहले वर्तमान में मध्यप्रदेश का प्रवास कर रहे राहुल गांधी गुजरात के चुनावी दौरे पर जा सकते हैं। कोटा शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने भी इस बात की आज पुष्टि की है कि मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान राहुल गांधी एक दिन के लिए गुजरात के चुनावी दौरे पर जा रहे हैं। इसलिए उनके राजस्थान में आने के कार्यक्रम में थोड़ा हेरफ़ेर हो सकता है।

अभी तक वैसे यह संभावना जताई जा रही है कि राहुल गांधी 4 दिसंबर को मध्य प्रदेश से राजस्थान में चंवली के रास्ते से प्रवेश करेंगे। उस दिन उनका वही रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। इसके बाद वे अगले दिन 5 दिसंबर शाम को झालावाड़ जिले के बोरदा पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम खेल संकुल में करेंगे।

जगपुरा में ठहराव: कोटा जिले में राहुल गांधी संभवत: 6 दिसंबर को प्रवेश करेंगे। दरा के पास उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। उसके अगले दिन 7 दिसंबर को राहुल गांधी कोटा के नजदीक झालावाड़ रोड पर जगपुरा पहुंचेंगे, जहां पहले से ही उनके और उनके काफिले के ठहराव की पूरी तैयारी कर ली गई है। अगले दिन 8 दिसंबर को राहुल गांधी कोटा शहर में होते हुए बूंदी जिले के गुडली फ़ाटक पहुंचेंगे और उनका वही रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। इसके बाद वह केशवरायपाटन, कापरेन होते हुए सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश कर जाएंगे। आगे उनका दौसा, अलवर होते हुए हरियाणा में जाने का कार्यक्रम है।

यात्रा की तैयारियों का जायजा: कोटा संभाग में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा शुक्रवार को ही बूंदी पहुंच गए थे। उन्होंने शनिवार को नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोटा से दरा तक के उन सभी स्थलों का बारीकी से अवलोकन किया। जहां प्रवास के दौरान राहुल गांधी रुकेंगे और जनता से रूबरू होने के अलावा जगह-जगह छोटी सभाओं में उनके संबोधित करने की संभावना जताई जा रही है। कोटा संभाग के झालावाड़, कोटा और बूंदी में राहुल गांधी का कम से कम पांच रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है

60 कंटेनरों का विशाल काफिला: राहुल गांधी के साथ बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों सहित लगभग 60 कंटेनरों का विशाल काफिला के होने के कारण राजमार्ग से अलग वैकल्पिक मार्गो से होकर सामान्य यातायात को गुजारने की यह व्यवस्थाएं की जा रही है। हालांकि यह माना जा रहा है कि इस वैकल्पिक प्रबंध से न केवल सामान्य यातायात के आवागमन में प्रतिकूल असर पड़ेगा बल्कि, लोगों को काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ सकता है।

तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था: राहुल गांधी की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन को यह प्रबंध करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। राहुल गांधी का कोटा संभाग में प्रवेश के बाद किसी बड़ी सभा को संबोधित करने का कोई कार्यक्रम नहीं है। वे केवल समूहों में लोगों से मिलेंगे और रास्ते में उनके निर्देशानुसार लोगों को उनसे बातचीत करने के लिए बुलाया जाएगा।