अवैध वसूली मामले में परमबीर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

0
300

मुंबई। ठाणे पुलिस ने अवैध वसूली मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। कारोबारी केतन तन्ना की शिकायत पर ठाणे नगर थाने में परमबीर और 27 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।

लुकआउट नोटिस दरअसल किसी व्यक्ति के देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए जारी किया जाता है। थाने में दर्ज एफआईआर में कई अन्य पुलिस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।

एफआईआर में बिल्डर तन्ना ने आरोप लगाया है कि परमबीर सिंह जब ठाणे के पुलिस आयुक्त थे, तब जनवरी 2018 से फरवरी 2019 के बीच आरोपियों ने उन्हें एंटी एक्सटॉर्शन सेल में तलब कर गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने को लेकर धमकाया और उनसे 1.25 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इस मामले के अलावा महाराष्ट्र सीआईडी सट्टे के बुकी सोनू जालान द्वारा सिंह के खिलाफ लगाए गए कथित फिरौती के आरोपों की जांच की जा रही है। 

उल्लेखनीय है कि परमबीर सिंह को इस साल मार्च में मुंबई पुलिस के प्रमुख के पद से हटा दिया गया था। देश के शीर्ष उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास के बाहर एक एसयूवी में विस्फोटक मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई थी।  

इसके बाद उठे विवाद के दौरान परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के तत्कालीन गृहमंत्री देशमुख पर अवैध वसूली कराने के आरोप लगाए थे। इसके बाद देशमुख को इस्तीफा देना पड़ा था। इस मामले की जांच जारी है।