संसद का बजट सत्र आज से, वित्त मंत्री आज पेश करेंगी आर्थिक सर्वेक्षण

184

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र मंगलवार यानी आज से शुरू होगा। बजट सत्र दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से शुरू होगी। इस सत्र में मोदी सरकार एक फरवरी को अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट पेश करेगी।

अभिभाषण के तुरंत बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक समीक्षा पेश करेंगी। इसके बाद  करीब दो बजे दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर डॉक्टर वी अनंत नागेश्वरन प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे आर्थिक समीक्षा की बारीकियों को उजागर करेंगे। 

क्या होता है इकॉनोमिक सर्वे :अर्थव्यवस्था की स्थिति की जानकारी देने और नीतिगत उपाय सुझाने के लिए केंद्रीय बजट से पहले संसद में आर्थिक समीक्षा  पेश की जाती है। आर्थिक सर्वे देश की अर्थव्यवस्था की सेहत का लेखा-जोखा होता है। इसके जरिए सरकार की योजनाओं की स्थिति, पूरे साल विकास का ट्रेंड, किस क्षेत्र में कितना निवेश हुआ आदि का पता चलता है। बजट से एक दिन पहले आने वाली आर्थिक समीक्षा में सबकी नजर सकल घरेलू उत्पाद के अनुमान पर होती है। 

इकोनॉमिक सर्वे मुख्य आर्थिक सलाहकार के नेतृत्व वाली टीम द्वारा तैयार किया जाता है। इस टीम में CEA के साथ वित्त और आर्थिक मामलों के जानकार शामिल रहते हैं। सरकार ने अर्थशास्त्री वी अनंत नागेश्वरन को हाल ही में नया सीईए नियुक्त किया है। उन्होंने के वी सुब्रमण्यम की जगह ली है।

यह करेंगे बहिष्कार
चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेंगी। केंद्र सरकार के विरोध में दोनों पार्टियों ने राष्ट्रपति के भाषण का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।  भारत राष्ट्र समिति के नेता के केशवा राव, जो कि राज्यसभा में पार्टी के नेता हैं, का कहना है कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार प्रशासन के सभी मोर्चों पर विफल रही है। इसी के विरोध में उनकी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भी उनके साथ राष्ट्रपति के भाषण का बहिष्कार करेगी। 

आज से खुलेगा जनता के लिए अमृत उद्यान
राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान 31 जनवरी से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसके साथ ही उद्यान उत्सव 2023 का उद्घाटन कर दिया। सरकार ने शनिवार को ऐतिहासिक मुगल गार्डन का नाम बदलकर अमृत उद्यान कर दिया था। इस उद्यान को साल में एक बार जनता के लिए खोला जाता है