राजस्थान की मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल खत्म, आज खुलेंगी मंडियां

506

जयपुर/ कोटा। राजस्थान की मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आश्वासन के बाद देर रात राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ जयपुर ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। इस से साथ राजस्थान की 247 मंडियों में आज से कारोबार शुरू हो जाएगा।

इससे पूर्व प्रदेशभर के अनाज मंडी के व्यापारियों की हड़ताल के कारण कोरोनाकाल में किसानों को हो रही परेशानी के चलते उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गुरुवार को प्रदेशभर के खाद्य पदार्थ व्यापार संघ व कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से वार्ता की थी। इसमें व्यापारियों ने कृषक कल्याण कोष के नाम से लगाया गया सेस वापस लेने की मांग रखी।

कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री से सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने पहले सभी पदाधिकारियों की बात सुनी। राठी ने बताया कि मंडी में पहले ही 1.60 प्रतिशत मंडी टैक्स है। इसके अतिरिक्त अभी जो दो प्रतिशत सेस लगाया है। इससे प्रदेश की जिंस दूसरे राज्यों में बिक्री के लिए जाने लगेगी। इससे सरकार को भी राजस्व का नुकसान होगा और किसानों पर भी भार पड़ेगा। इसलिए इस संकट के काल में यह टैक्स लगाना उचित नहीं है, इस पर पुनर्विचार किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस संकट में आपके साथ खड़ी है। किसानों के हित में उचित सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। राठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस संबंध में मौखिक आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर दी गई है। हालांकि शुक्रवार को दो प्रतिशत कृषक कल्याण फीस अतिरिक्त वसूल की जाएगी।