कोटा के जेकेलोन अस्पताल में दो पूर्व मंत्री व विधायक से धक्का-मुक्की, हंगामा

0
1027

कोटा। जेकेलोन अस्पताल में बच्चों की मौत का मामला तूल पकड़ता रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के निर्देश पर सोमवार को दो पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़, काली चरण सराफ व कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा जेके लोन अस्पताल पहुंचे। यहां दोनों पूर्व मंत्रियों व विधायक के गाड़ी से उतरते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

हाड़ौती विकास मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र सांखला, नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अनिल सुवालका व आरएमआरएस के सदस्य राकेश शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजीव आचार्य, संदीप भाटिया, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजू मेहरा व ब्लॉक उपाध्यक्ष कपिल चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों पूर्व मंत्रियों व विधायक को अस्पताल में जाने से रोकने का प्रयास किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बच्चों की मौत पर सियासत करने का आरोप लगाते हुए उनका घेराव कर लिया और धक्का-मुक्की कर दी। इससे पहले दो पूर्व मंत्री के घेराव की सूचना पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। पुलिस उप अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ व तीन थानों की पुलिस व आरएसी तैनात की गई थी।

अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। जैसे ही दोनों मंत्री आए पुलिस ने घेरा बनाकर भाजपा नेताओं को अस्पताल पहुंचाया। सांखला ने कहा कि जेके लोन अस्पताल में बच्चों की लगातार मौतें हो रही है। इसलिए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होना चाहिए। भाजपा की सरकार थी तब भी सुधार होना चाहिए, लेकिन पांच साल में कोई सुधार नहीं हुआ।

बच्चों की मौतों का हर साल आंकड़ा बढ़ा है, लेकिन पिछले एक साल में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, तब मौतों का आंकड़ों का ग्राफ कम हुआ है। कांग्रेस सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है। स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने खुद प्राचार्य व अधीक्षक से अस्पताल की सुधार को लेकर रिपोर्ट मांगी है। उसके बाद सुधार के प्रयास किए जाएंगे, लेकिन भाजपा की सरकार थी, तब कोई नहीं आया। चिकित्सा मंत्री के पद पर राठौैड़ व सराफ थे, तब कोई नहीं आया। अब राजनीति करने आए हैं।