नई दिल्ली। देश में कोरोना से हालात बेहद खराब हो गए हैं। गुरुवार को पहली बार एक ही दिन में 3 लाख 86 हजार 854 नए मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक एक दिन के अंदर मिले नए मरीजों का ये आंकड़ा सबसे अधिक है। इससे पहले 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 3.79 लाख मरीजों की पहचान हुई थी।
इसके अलावा 24 घंटे के अंदर 3,501 संक्रमितों की मौत भी हो गई। ये लगातार तीसरा दिन था जब तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इसके पहले बुधवार को 3,646 मौतें रिकॉर्ड की गईं थीं।
एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 30 लाख के पार पहुंचा
अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों, वेंटिलेटर संकट के बीच हर दिन कोरोना के एक्टिव केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। अब देश में 31 लाख 64 हजार 825 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 68 लाख एक्टिव केस हैं। हालांकि कोरोना की अगर यही रफ्तार रही तो आने वाले एक महीने के अंदर भारत में सबसे ज्यादा एक्टिव केस होंगे।
डेढ़ करोड़ लोग ठीक भी हुए
तेजी से बढ़ते मामलों के बीच एक अच्छी खबर भी है। संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा भारत में डेढ़ करोड़ के पार हो गया है। मतलब अब तक देश में 1 करोड़ 50 लाख 78 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे का आंकड़ा देखें तो इस बीच रिकॉर्ड 2.70 लाख लोग रिकवर हुए हैं। अब तक एक दिन में ठीक हुए मरीजों का ये आंकड़ा सबसे अधिक है। इससे पहले मंगलवार को 2.62 लोग रिकवर हुए थे। ओवरऑल रिकवरी रेट में भी 1.8% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। ये अब 82.08% हो गया है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.86 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 3,501
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.91 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.87 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.53 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.08 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 31.64 लाख