RBI की घोषणाओं से झूमा बाजार, सेंसेक्स 460 अंक उछल कर 49,661 पर बंद

0
418

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति की घोषणाओं के बाद सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 460.37 अंक यानी 0.94 फीसदी ऊपर 49661.76 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 135.55 अंक यानी 0.92 फीसदी की तेजी के साथ 14819.05 के स्तर पर बंद हुआ।

इंडेक्स में शामिल 30 में से 26 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। रेपो रेट और रिवर्स रेट स्थाई रखने के फैसले से दोपहर में जोरदार खरीदारी हुई। नतीजतन, इंट्राडे में इंडेक्स दिन के सबसे ऊंचे स्तर 49,900 तक भी पहुंचा। सेंसेक्स में रिलायंस, कोटक बैंक, भारती एयरटेल, बजाज ऑटो, पावर ग्रिड सहित मारुति के शेयरों में 1-1% की बढ़त रही। वहीं, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर और NTPC के शेयर गिरकर बंद हुए।

सरकारी बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी
निफ्टी भी 135 पॉइंट ऊपर 14,819 पर बंद हुआ है। निवेशक सबसे ज्यादा सरकारी बैंकिंग शेयरों की खरीदारी की। निफ्टी PSU इंडेक्स में 2% से ज्यादा की बढ़त रही, जिसमें यूनियन बैंक का शेयर सबसे आगे रहा। इसी तरह मेटल, ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी हुई। NSE पर इनके इंडेक्स 1.5% तक चढ़ें।

1,841 शेयरों में बढ़त
BSE पर 3,132 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,841 शेयर बढ़त और 1,109 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 208.22 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 206.35 लाख करोड़ रुपए था।

लिस्टिंग कमजोर लेकिन फिर भी तेजी
BSE में बार्बीक्यू नेशन का शेयर 20% की बढ़त के साथ 590 रुपए के भाव पर पहुंच गया है। शेयर आज बाजार में लिस्ट हुआ। कोरोना के कारण निवेशकों में चिंता रही, जिससे शेयर इश्यू प्राइस से 2% नीचे 492 रुपए पर लिस्ट हुआ।