वैश्विक बाजारों में गिरावट से सेंसेक्स 535 अंक टूट कर 47 हजार के नीचे बंद

0
527

मुंबई। वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के चलते गुरुवार को सेंसेक्स लगातार 5वें दिन लाल निशान में बंद हुआ। इंडेक्स 535.57 अंक नीचे 46,874.36 पर बंद हुआ है। 2021 में पहली बार इंडेक्स 47 हजार के स्तर से नीचे बंद हुआ है। इससे पहले 24 दिसंबर को सेंसेक्स 46,539 पर बंद हुआ था। इसी तरह NSE का निफ्टी भी 149.95 अंक नीचे 13,817.55 पर बंद हुआ है।

लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटा
सुबह सेंसेक्स 575.36 अंकों की गिरावट के साथ खुला था, जो दोपहर में करीब 900 अंक फिसलकर दिन सबसे निचले स्तर 46,518.48 तक भी पहुंचा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर 3,040 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,558 शेयरों में बढ़त और 1,314 में गिरावट रही। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी 1.38 लाख करोड़ रु घटकर 188.21 लाख करोड़ रु हो गया है, जो 27 जनवरी को 189.59 लाख करोड़ रु था।

HUL का शेयर 3% टूटा
सेंसेक्स में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे ज्यादा टूटा। यह 3.65% नीचे बंद हुआ है। इसी तरह मारुति, HDFC बैंक, पावर ग्रिड और इंडसइंड बैंक के शेयर 3% तक फिसले। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक के शेयर में 6.16% की बढ़त दर्ज की गई। इसी तरह SBI, ONGC, ICICI बैंक के शेयरों में 2% तक की बढ़त रही। ओवरऑल मार्केट में सबसे ज्यादा IT सेक्टर टूटा। निफ्टी IT इंडेक्स 2.18% नीचे बंद हुआ है। इसी तरह रियल्टी इंडेक्स भी 2.20% फिसलकर बंद हुआ है।

वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट
28 जनवरी को वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट है। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.59%, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.91%, हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग 2.67% नीचे कारोबार कर रहे हैं। इसी तरह कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.71% और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज 2.02% फिसलकर बंद हुए हैं।

इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी भारी बिकवाली रही थी। डाओ जोंस, नैस्डैट और S&P 500 इंडेक्स 2-2% ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए थे। तीन महीने में पहली बार अमेरिकी बाजार एक दिन में इतना फिसला। इसके अलावा यूरोपियन मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की गई। इसमें जर्मनी का DAX इंडेक्स 1.81% ऊपर, ब्रिटेन का FTSE 1.30% और फ्रांस CAC इंडेक्स 1.16% नीचे बंद हुए थे।