निवेशकों की मुनाफावसूली से सेंसेक्स 41 अंक फिसलकर 49,227 पर

0
471

मुंबई। कल की रिकॉर्ड तेजी के बाद मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। आज निवेशक ऊंचे भाव पर शेयर बेचकर मुनाफा काट रहे हैं। इसके अलावा बाजार पर वैश्विक बाजारों की सुस्ती का भी असर है। बाजार की गिरावट में IT और बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं।

सुबह 09:32 बजे सेंसेक्स 41.60 अंक नीचे 49,227.72 पर कारोबार कर रहा है। इसमें इंडसइंड बैंक का शेयर 2.09% नीचे कारोबार कर रहा है। दूसरी ओर रिलायंस का शेयर इंडेक्स का टॉप गेनर शेयर है। शेयर 1.21% ऊपर 1920 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा है।

BSE पर 2,186 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है। इनमें 1,226 के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। 202 के शेयर भी एक साल के हाई पर पहुंचे। वहीं, लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 197.05 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।

निफ्टी का सपाट कारोबार
इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी हल्की बढ़त के साथ 14,487 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में सरकारी कंपनी गेल का शेयर टॉप गेनर है। शेयर 5.31% ऊपर कारोबार कर रहा है। टाटा स्टील का शेयर भी 3% ऊपर है। JSW स्टील, आयशर मोटर और टाटा मोटर्स के शेयर भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। लेकिन इंडसइंड बैंक का शेयर टॉप लूजर है।

TCS का मार्केट कैप 12 लाख करोड़ रुपए के पार
मजबूत तिमाही नतीजों के चलते कल TCS का शेयर 2% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। शेयर 3,224 रु. के भाव पर कारोबार कर रहा था, जो शेयर का न्यू हाई भी। इसी दौरान कंपनी का मार्केट कैप 12.09 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। इस लेवल पर पहुंचने वाली TCS दूसरी कंपनी बनी। इससे पहले रिलायंस ने 12 लाख करोड़ रु. के लेवल को पार किया। दूसरी ओर इंफोसिस का मार्केट कैप बढ़कर 5.87 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस लिहाज कंपनी रिलायंस, टीसीएस और HDFC बैंक के बाद देश की चौथी सबसे बड़ी कपंनी बन गई है।

वैश्विक बाजारों में गिरावट
कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी से दुनियाभर के निवेशक निवेश को लेकर नर्वस हैं। अमेरीकी बाजारों भारी बिकवाली के चलते आज एशियाई बाजारों में हल्की गिरावट है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.65% कारोबार कर रहा है। हालांकि हेंगसेंग, निक्केई और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। कल अमेरिका में निवेशकों ने ऊंचे भाव पर शेयर बेचकर मुनाफा कमाया। नैस्डैक इंडेक्स 1.25% नीचे बंद हुआ था। इसके अलावा S&P 500 और डाओ जोंस भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सोमवार को सेंसेक्स 49 हजार के पार बंद हुआ था
कल सेंसेक्स 486.81 अंक ऊपर 49,269.32 पर बंद हुआ था। इंडेक्स की तेजी में IT और ऑटो शेयर सबसे आगे थे। इसमें टाटा मोटर्स का शेयर 11% ऊपर बंद हुआ था। रिकॉर्ड तेजी के चलते BSE पर लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप पहली बार 196.56 लाख करोड़ रु. के पार पहुंचा। कल निफ्टी इंडेक्स 137.50 ऊपर 14,484.75 बंद हुआ था। खासबात यह है कि केवल सोमवार को विदेशी निवेशकों (FII) ने 6.45 हजार करोड़ रु. की खरीदारी की थी।