नए साल के पहले दिन बाजार ने इतिहास रचा, सेंसेक्स 47,868 पर बंद

0
701

मुंबई। नए साल के पहले और कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ है। आज बाजार लगातार 9वें हफ्ते बढ़त के साथ बंद हुआ है। इससे पहले अप्रैल 2010 में इतनी लंबी वीकली बढ़त दर्ज की गई थी। एक जनवरी को सेंसेक्स 117.65 ऊपर 47,868.98 पर बंद हुआ है। इंडेक्स कारोबार के दौरान 47,980.36 तक पहुंचा। इंडेक्स में SBI, TCS, HDFC, HCL टेक और रिलायंस के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। बाजार के जानकारों को उम्मीद है कि अगले हफ्ते सेंसेक्स 48 हजार के रिकॉर्ड लेवल को छू सकता है।

BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 189.26 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा है। चौतरफा तेजी के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कुल 3,170 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 2,043 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। यानी एक्सचेंज पर 64% शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

निफ्टी 14 हजार के पार
दूसरी ओर निफ्टी 36.75 अंक ऊपर 14,018.50 पर बंद हुआ है। इंट्राडे में इंडेक्स 14,049.85 तक पहुंचा। इंडेक्स में अदाणी पोर्ट का शेयर 4.39% ऊपर 505.00 रुपए पर बंद हुआ है। इसी तरह ITC और TCS के शेयरों में 2-2% तक की बढ़त रही। इसके अलावा SBI और M&M के शेयरों में भी 1-1% से ज्यादा की बढ़त रही।वहीं, ICICI बैंक का शेयर 1.36% नीचे 527.80 पर बंद हुआ है।

एंटनी वेस्ट की लिस्टिंग
एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल का शेयर BSE पर 36.5% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। IPO में इश्यू प्राइस 315 रुपए था, जबकि BSE पर शेयर की लिस्टिंग 430 रुपए पर हुई । लिस्टिंग के बाद शेयर 492.75 रुपए तक मजबूत हुआ। यानी इश्यू प्राइस से 56% तक तेजी शेयर में देखने को मिली है। इससे पहले कंपनी का IPO अपने इश्यू साइज से करीब 15 गुना ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। शेयर लिस्टिंग प्राइस से 5.29% नीचे 407.25 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। हालांकि निवेशकों को इस भाव पर भी प्रति शेयर 29.29% का फायदा है।