महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव कोटा में श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा

0
9

कोटा। भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव कोटा में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सकल जैन समाज समिति के तत्वावधान में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा तीन दिवसीय विशेष आयोजन 8, 9 और 10 अप्रैल को किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां होंगी।

सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रकाश बज,संरक्षक राजमल पाटौदी, विमल जैन नांता, जे के जैन, महामंत्री पदम बड़ला, प्रचार सचिव मनोज जैन आदिनाथ, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र हरसोरा, वरिष्ठ सदस्य नरेश वेद, व.उपा.विकास अजमेरा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष निशा वैद, श्वेताम्बर जैन समाज से रेखा हिंगड़, दर्पण जैन, पारस जैन, पारस सौगानी, वीरेंद्र जैन, चेतन जैन, जितेंद्र पापड़ीवाल, प्रदीप जैन, राकेश चपलमन राजेश बंटी सहित कई लोगो ने पोस्टर का विमोचन किया।

अहिंसा पद यात्रा: सकल जैन सामज के मुख्य संयोजक जे के जैन व संयोजिका रेखा हिंगड ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 8 अप्रैल को प्रातः साढ़े 7 बजे से सामूहिक रूप से अहिंसा पद यात्रा के साथ होगा। महावीर नगर प्रथम कॉलोनी स्थित दिगम्बर जैन लाल मंदिर से प्रारंभ होने वाली इस पदयात्रा में हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। पुरुष वर्ग सफेद वस्त्र एवं महिला वर्ग केसरिया वस्त्र धारण करेंगे।

यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों की आध्यात्मिक पाठशालाओं के बच्चे, युवा मंडल, बालिका मंडल, महिला मंडल और सोशियल ग्रुप्स के सदस्य शामिल होंगे। यात्रा मार्ग में 108 तोरण द्वार सजाए जाएंगे और जगह-जगह रंगोली बनाई जाएगी। भगवान महावीर के जयकारों के बीच पदयात्रा महावीर नगर प्रथम दिगम्बर जैन लाल मंदिर से प्रारंभ होकर, ओपेरा हॉस्पिटल रोड़, तलवंडी चौराहा, जवाहर नगर होते हुए दानबाड़ी पहुंचेगी, जहां दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज के पदाधिकारियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी के गुणानुवाद किए जाएंगे।

विश्व शांति के लिए नमोकार मंत्र जाप: नरेश जैन वेद ने बताया कि जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के आह्वान पर विश्व शांति हेतु पूरे विश्व के प्रत्येक नगर में प्रातः 08:00 बजे से 09:36 तक नमोकार मंत्र का पाठ घर-घर, जैन मंदिरों और अन्य संस्थाओं में लगभग डेढ़ घंटे सामूहिक रूप से किया जाएगा। कोटा में कुन्हाडी स्थित एक्सोटिका गार्डन और जवाहर नगर स्थित सत्यार्थ एलन में विशेष रूप से सामूहिक जाप का आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि 9 अप्रैल को मुंबई में जीतो परिवार द्वारा आयोजित नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस आयोजन में मोदीजी की उपस्थिति की लिखित स्वीकृति दे दी है। यह आयोजन जीतो द्वारा पूरे भारत में एक साथ आयोजित होगा।

महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष निशा जैन वेद ने बताया कि इसी दिन रात्रि साढ़े 7 बजे से दशहरा मैदान प्रांगण में सकल दिगम्बर जैन समाज समिति की महिला प्रकोष्ठ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों महिलाएं भगवान महावीर के गुणों एवं संदेशों पर आधारित नाटिका का मंचन करेंगी।

महावीर जयंती महोत्सव 10 अप्रैल को: सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज ने बताया कि चैत्र शुक्ल त्रयोदशी को 2025 वर्ष पूर्व बिहार के वैशाली क्षेत्र के कुंडलग्राम में राजा सिद्धार्थ एवं माता त्रिशला के पुत्र के रूप में भगवान महावीर का जन्म हुआ था। इसी पावन तिथि पर सम्पूर्ण विश्व में अहिंसा दिवस के रूप में उनके द्वारा दिए गए सत्य, अहिंसा, जीवदया और परोपकार के उपदेशों को स्मरण किया जाता है।

भव्य शोभायात्रा : प्रचार सचिव मनोज जैन आ​दिनाथ ने बताया कि कोटा की हृदय स्थली रामपुरा से एक विशाल भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी जो आर्य समाज रोड़, हिंदू धर्मशाला, अग्रसेन बाज़ार, श्रीपुरा, गांधी जी का पूल, गढ़ पैलेस होती हुई मुख्य आयोजन स्थल दशहरा मैदान पहुंचेगी। शोभायात्रा में रथ पर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को सौधर्म इंद्र द्वारा विराजित किया जाएगा।

इसके साथ 11 बग्गियों में इंद्र-इंद्राणी, घोड़ों पर ध्वज लिए हुए युवा, धर्म ध्वज एवं भगवान महावीर के उपदेशों की तख्तियां लिए सैकड़ों श्रद्धालु जयकारों के साथ चलेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर 108 तोरणद्वार और रंगोलियां सजाई जाएंगी। जगह-जगह भगवान की आरती उतारी जाएगी और युवा-युवतियों की टोलियां नृत्य करते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। रथ को सैकड़ों श्रद्धालु खींचकर चलाएंगे और रथ के दोनों ओर इंद्र भगवान के चंवर ढुराते नजर आएंगे।

संयोजक निर्मल पोरवाल ने बताया कि शोभायात्रा में सफाई व पर्यावरण सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। शोभायात्रा मार्ग में मात्र जल ही वितरित होगा और डिस्पोजल फ्री शोभायात्रा होगी। सफाई के लिए शोभायात्र के पीछे टीपर भी चलेगा।

संयोजक जितेंद्र पापड़ीवाल एवं चेतन जैन ने बताया कि दशहरा मैदान पर मुख्य समारोह में शोभायात्रा के पहुंचने पर सौधर्म इंद्र द्वारा भगवान महावीर की प्रतिमा को मंच पर स्थापित रजत पाण्डुशिला पर विराजमान किया जाएगा। मंच पर विराजित मुनि अरह सागर एवं मुनि विभोर सागर महाराज ससंघ की उपस्थिति में कार्यक्रम प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा उत्तर विधायक एवं पूर्व मंत्री शांति कुमार धारीवाल, विधायक संदीप शर्मा और विधायक कल्पना देवी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।