Ravan Dahan: आज शाम को होगा रावण दहन, दशानन के सारे मुंह उगलेंगे आग

0
13

परंपरागत रुप में निकलेगी भगवान लक्ष्मी नारायण की सवारी

कोटा। Kota Dussehra 2024: राष्ट्रीय मेला दशहरा 2024 के तहत मेला परिसर स्थित विजयश्री रंगमंच पर शनिवार को परंपरागत तरीके से रावण दहन किया जाएगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया की परंपरा अनुसार भगवान लक्ष्मीनारायण जी की सवारी गढ़ पहले से 6 बजे रवाना होगी। दशहरा मैदान पर रियासतकालीन परंपरा से ज्वारा पूजन और श्री सीता जी के पाने का पूजन किया जाएगा। इसके बाद मुहूर्त अनुसार रात 7:01 बजे से 7:31 बजे के मध्य रावण दहन किया जाएगा।

गढ़ पैलेस में परम्परागत दरीखाना सजेगा। जिसमें हाड़ौती के पूर्व ठिकानों के प्रतिनिधि परम्परागत वेशभूषा में सज-धज कर मौजूद रहेंगे। गढ़ में भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा-अर्चना के बाद गढ़ के दरीखाने से राजसी वैभव और ठाट-बाट के साथ भगवान लक्ष्मीनारायण की सवारी निकाली जाएगी। सवारी गढ़ पैलेस से रवाना होकर किशोरपुरा दरवाजे से होते हुए दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पहुंचेगी।

भगवान लक्ष्मी नारायण की सवारी में सबसे आगे घुडसवार होंगे। प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, काली माता, सुग्रीव, अंगद, जामवंत, विभीषण, भगवान हनुमान व रावण, मेघनाद समेत विभिन्न झांकियां होंगी। उसके बाद अलग अलग प्रदेशों के लोक कलाकारों के दल कच्ची घोड़ी नृत्य तथा कजरी नृत्य करते नजर आएंगे। शोभायात्रा में वानर सैनिक और रावण के सैनिक युद्ध करते हुए चलेंगे। साथ ही, रावण और जटायु के बीच युद्ध का दृश्य भी होगा। इस दौरान घोड़ा बग्घी, ऊंटगाड़ी भी रहेगी।

भगवान की सवारी के साथ ऊँट गाड़ी में युद्ध के नगाड़े बजते हुए युद्ध दृश्य बनाएंगे। वहीं तुरही भी बजेगी। मधुर स्वर लहरियां बिखेरते बैंड होंगे। साथ ही मशक बैंड और पुलिस बैंड भी होगा। गोदावरी धाम की वानर सेना भी भगवा पताकाएं थामें जय श्रीराम का उद्घोष करती हुई चलेंगी। शोभायात्रा में पंजाब का पाइप बैंड आकर्षण का केन्द्र होगा।

युद्ध के लिए ललकारता नजर आएगा रावण
रावण का पुतला रथ में सवार होकर युद्ध के लिए ललकारता नजर आएगा। इसके लिए अलग से घोड़े सहित रथ तैयार कराया गया है। रावण के पुतले के पीछे सोने की लंका भी बनाई गई है। जिसे प्लाई बोर्ड के द्वारा सोने की लंका का रूप दिया गया है। रावण के पुतले में मूछें और भोहें भी आकर्षक बनाई गईं हैं। जिनसे रावण मखमली मूछों पर ताव देते हुए युद्ध भूमि में अट्टहास करता प्रतीत होगा। रावण का पुतला खड़ा होने के बाद उसकी झालर कुर्ते की तरह हिलती हुई नजर आएगी। इसकी सजावट में थ्री डी इफेक्ट डाला गया है। जो हर तरफ से एक सा नजर आएगा। वहीं हर बार की तरह रावण गर्दन घुमाने, तलवार चलाने, पलकें हिलाने, होंठ हिलाने जैसे मूवमेंट भी करेगा।