जयपुर। #Rain Alert in Rajasthan: राजस्थान में मानसून का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। मौसम विभाग ने 3-4 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर के साथ ही भरतपुर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश के आसार है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में पूर्वी हवा के सक्रिय होने से मानसून का दूसरा चरण शुरू हो गया है। बुधवार का हाड़ौती और शेखावाटी संभाग झमाझम बारिश हुई। कोटा में शाम 4 बजे बाद दो घंटे में 25.2 मिमी बारिश हुई। इससे उमस से लोगों को राहत मिली। सीकर में देर रात हुई बारिश ने आपदा प्रबंधन की पोल खोल दी है। बारिश के बीच चारदिवारी गिर गई। नवलगढ़ रोड पर यह हादसा हुआ। इस दौरान वाहनों में कोई नहीं था। बड़ा हादसा टल गया। नवलगढ़ रोड इलाका पूरी तरह से झमाझम हो गया।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से बुधवार को हाड़ौती अंचल में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 37.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह व शाम की आर्द्रता 75 से 76 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। शाम 5.30 बजे तक 25.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।कोटा शहर में करीब पांच दिनों से भीषण गर्मी व उमस का जोर बना हुआ था।
लोग उमस के चलते पसीने से तरबतर रहे। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर रही। कोटा शहर में बुधवार को दिनभर उमस का जोर बना रहा। दोपहर 3 बजे बाद मौसम बदला। काली घटाएं छाई और शाम 4 बजे बारिश का दौर शुरू हो गया। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। बादल भी गरजे। बारिश का दौर शाम 6 बजे तक चला। बारिश के चलते सड़कों पर पानी बह निकला। लोगों को गर्मी से राहत रही। दो घंटे में एक इंच से अधिक बारिश हुई।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश नहीं होने के कारण लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान है। लेकिन लोगों के अब जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है झालावाड़ शहर में पिछले करीब पांच दिन से गर्मी व उसम से मारे लोग बेहाल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ जगह रुक-रुक कर हल्की बारिश ने उमस को बढ़ा दिया है। बुधवार को पश्चिम राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में पारा 40 डिग्री को पार कर गया।