शाहरुख खान के बेटे आर्यन मामले में शामिल एनसीबी अधिकारी बर्खास्त

0
82

मुंबई। drugs on cruise case: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अपने अधीक्षक विश्व विजय सिंह को बर्खास्त कर दिया है। वह साल 2021 में कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। इस छापेमारी के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि विश्व विजय सिंह को एक अन्य मामले में कदाचार के लिए निलंबित कर दिया गया था।

एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि विश्व विजय सिंह की सेवा समाप्त करने का आदेश पिछले महीने जारी किया गया था। सिंह उस टीम का हिस्सा थे जिसने कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था और अक्टूबर 2021 में ‘ड्रग्स-ऑन-क्रूज’ मामले में आर्यन खान और अन्य को गिरफ्तार किया था।

अधिकारी ने कहा, विश्व विजय सिंह को एक अन्य मामले में पिछले साल एनसीबी की सेवा से हटा दिया गया था और उनके खिलाफ जांच चल रही थी। उन्होंने कहा कि एनसीबी को जांच के दौरान कदाचार के कुछ मुद्दे मिले, जिसके बाद सिंह को सेवा से हटाने का निर्णय लिया गया।

अक्तूबर 2021 में आर्यन खान और अन्य को एनसीबी के तत्कालीन मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के नेतृत्व में एक टीम ने मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल पर कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारने के बाद गिरफ्तार किया था। शुरुआत में मामले में नशीली दवाओं की खपत और तस्करी के आरोप लगाए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि 22 दिन जेल में बिताने वाले आर्यन खान को एनसीबी ने ‘पर्याप्त सबूतों के अभाव’ के कारण मई 2022 में क्लीन चिट दे दी थी।

सात अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
एनसीबी टीम और वानखेड़े के खिलाफ मनमानी के आरोपों के कारण एक अलग सतर्कता जांच शुरू की गई थी। कथित ‘ड्रग्स ऑन क्रूज’ मामले में सात अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि आईआरएस अधिकारी वानखेड़े का बाद में चेन्नई में डीजी करदाता सेवा निदेशालय में तबादला कर दिया गया था।