कोटा का केंद्रीय विद्यालय बाल संसद में अव्वल, पहले चार अवाॅर्ड जीते

0
108

कोटा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय ने मुंबई में 33वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता करवाई। प्रतियाेगिता में कोटा के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के 55 छात्र शामिल हुए। प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, रक्षा मंत्री और विपक्ष की नेता यहीं के छात्र-छात्राएं बनीं।

पहले 4 अवार्ड भी इन्हीं ने जीते। पहले सभी राज्यों के क्षेत्रीय कार्यालयाें के स्तर पर प्रतियाेगिता हुई। इसमें राजस्थान के 78 केंद्रीय विद्यालय शामिल हुए थे। काेटा के केंद्रीय विद्यालय का दल पहले स्थान पर रहा, जिसने पश्चिम क्षेत्र की प्रतियाेगिता में हिस्सा लिया।

10 व 11 नवंबर को मुंबई के काेलाबा न्यू नैवी नगर केंद्रीय विद्यालय में प्रतियोगिता हुई। इसमें भी कोटा की टीम अव्वल रही। फाइनल राउंड में काेटा के 8 स्टूडेंट पहुंचे। दिसंबर-जनवरी में नई दिल्ली इन्हें सम्मानित किया जाएगा।

रक्षा मंत्री जाह्नवी प्रथम : रक्षामंत्री बनी जाह्नवी ने प्रथम, लोकसभा स्पीकर बनी दिव्यांशी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानमंत्री बनी भूमिका शर्मा ने तीसरा और विपक्ष का नेता बने लक्ष्यराजसिंह हाड़ा ने चाैथा स्थान प्राप्त किया। निकिता, विपक्षी सदस्य गृहमंत्री बनी गौरी सोलंकी, कृषि मंत्री बनी पलक शुक्ला एवं सत्ता पक्ष की सांसद पायल राजावत काे सांत्वना पुरस्कार मिले।

अग्निवीर बिल पास: केंद्रीय विद्यालयाें के पश्चिमी जाेन के 300 स्कूलाें के स्टूडेंट मुंबई पहुंचे थे। युवा संसद की तर्ज पर हुई प्रतियोगिता में टीम ने अग्निवीर बिल का पुरजोर समर्थन किया। किसानों के मुद्दे उठे। इनके पक्ष-विपक्ष में बहस हुई। अग्निवीर बिल पारित भी किया गया।

इस माॅडल संसद में संसदीय कार्य मंत्रालय के आईएएस एवी आचार्य, केंद्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली के ज्वाॅइंट कमिश्नर एनआर मुरली एवं मुंबई उत्तर के सांसद गोपालराम सेठी निर्णायक थे। युवा संसद प्रतियोगिता के प्रभारी शिक्षक नरेश गुप्ता ने बताया कि प्रिंसिपल आरके शुक्ल, वाइस प्रिंसिपल रामकरण मीणा, मुख्य अध्यापक तरुण मालव, दिनेश शर्मा, टीएम ग्रोवर, मिथिलेश चौधरी का योगदान रहा।