लोकसभा अध्यक्ष ने दिए बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के निर्देश

0
288

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बेमौसम बारिश के कारण संभाग में खरीफ की फसल को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की है। लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर लोकसभा कार्यालय के अधिकारियों ने संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी में हुए नुकसान को लेकर जिला कलक्टरों से वार्ता कर फसल खराबे की जानकारी ली। साथ ही नुकसान आकलन करने को कहा है।

गौरतलब है कि रविवार शाम अचानक मौसम में हुए बदलाव के बाद मूसलाधार बारिश हुई। इसके कारण खेतों में तैयार उपज को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के किसानों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोयाबीन, उड़द व धान की 50 फीसदी के अधिक फसल खराबे का अनुमान लगाया है। ज्यादातर किसानों की पकी फसल खेत में रह जाने से नुकसान हुआ है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा हाड़ौती के किसानों के लिए यह वर्ष बेहद कठिन गुजरा है, प्राकृतिक आपदाओं के कारण तैयार फसल बर्बाद होने से किसानों को गहरा आघात पहुंचा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर लोकसभा कार्यालय की ओर से दोनों जिले के संबंधित अधिकारियों से जल्द ही बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने को कहा है।