महिला इंस्पेक्टर से रेप के आरोप में ज्वॉइंट लेबर कमिश्नर गिरफ्तार

0
215

कोटा। अधीनस्थ महिला कर्मचारी से दुष्कर्म के मामले में नयापुरा थाना पुलिस ने ज्वॉइंट लेबर कमिश्नर प्रदीप झा को गिरफ्तार किया है। महिला इंस्पेक्टर ने उसके ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसकी शिकायत थाने में भी की गई थी। पुलिस ने प्रदीप झा को गिरफ्तार किया है। प्रदीप झा वर्तमान में जोधपुर में पोस्टेड है।

जानकारी के अनुसार महिला लेबर इंस्पेक्टर ने ज्वॉइंट लेबर कमिश्नर पर जुलाई में यौन शोषण का आरोप लगाया था। नयापुरा थाने में दी शिकायत में उसने बताया था कि वो दो साल तक उसके साथ रेप करता रहा। आरोपी उसे कई बार राजस्थान हाउस दिल्ली, कोटा के पीपल्दा हाउस सहित कई जगह पर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने बताया था कि प्रदीप झा उस पर मिलने के लिए दबाव डालता था। और उसके अधीनस्थ होने का फायदा उठा रहा था। शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस ने प्रदीप झा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।

डीएसपी भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि सहकर्मी महिला कर्मचारी ने 12 जुलाई को शिकायत दी थी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

जांच कमेटी के सामने नहीं हुई पेश 
राजस्थान श्रम विभाग के आला अधिकारियों ने बताया कि महिला निरीक्षक के आरोपों को गंभीरता से लिया गया और पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी गई। आरोपों की जांच करने के लिए जब यह कमेटी कोटा पहुंची तो शिकायत कर्ता महिला ने कमेटी के सामने पेश होने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि यह सेक्सुअल हरासमेंट एक्ट का उलंघन है। क्योंकि कमेटी ने पहले उनके आरोपों की सुनवाई किए बिना ही आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका दे दिया।