बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से सेंसेक्स 469 अंक उछल कर पहली बार 52 हजार के पार

0
571

मुंबई। शेयर बाजार में मजबूत घरेलू संकेतों के चलते बढ़त है। BSE सेंसेक्स 469 अंक ऊपर 52,014.26 पर और निफ्टी 116 अंक ऊपर 15,279.75 पर कारोबार कर रहा है। बाजार की बढ़त में बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं। निफ्टी बैंक इंडेक्स में 470 अंकों की बढ़त है। इंडसइंड बैंक का शेयर 2% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसी तरब HDFC बैंक के शेयर में 1% की बढ़त है। BSE सेंसेक्स सुबह 09:15 बजे 363 अंकों की बढ़त के साथ 51,907.75 पर और निफ्टी भी 107 अंक ऊपर 15,270.30 पर खुला।

एशियाई बाजार में मजबूत बढ़त
दुनियाभर में आर्थिक रिकवरी और कोरोना वैक्सीन की पहुंच से शेयर बाजार में अच्छी बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 349 अंक यानी 1.18% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स में 1-1% की बढ़त है। वहीं, निवेशकों ने शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में एनर्जी, फाइनेंशियल और मैटेरियल शेयर खरीदे और बड़े टेक्नोलॉजी शेयर बेचे थे। इसके चलते S&P 500 और नैस्डैक इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए थे।

शुक्रवार को सपाट बंद हुआ था बाजार
शेयर बाजार 12 फरवरी को सपाट बंद हुआ था। BSE सेंसेक्स 12.78 अंक ऊपर 51,544.30 पर और निफ्टी 10 अंक नीचे 15,163.30 पर बंद हुए थे। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 37.33 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 597.62 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।