मां पन्नाधाय शाखा ने मनाई मां पन्नाधाय की 535वीं जयंती व सम्मान समारोह
कोटा। भारत विकास परिषद की मां पन्नाधाय शाखा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर स्थापना दिवस व छठे मां पन्नाधाय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष कविता शर्मा ने बताया कि मां पन्नाधाय की 535 वीं जयंती पर वर्ष भर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाली 10 महिलाओं को माला, शॉल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष कविता शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि 8 मार्च 2020 को शाखा की स्थापना के साथ शुरू किए गए मां पन्नाधाय सम्मान समारोह में अभी तक 50 से अधिक महिलाओं को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग )कृष्णा शुक्ला, विशिष्ट अतिथि डॉक्टर प्रीती मीना थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय महिला प्रमुख सुनीता गोयल जोली ने की। कोटा जिला प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं की महिला प्रमुख भी कार्यक्रम में उपस्थित रही।
मुख्य अतिथि कृष्णा शुक्ला ने मां पन्नाधाय को याद करते हुए कहा कि अविस्मरणीय बलिदान, त्याग साहस की प्रतीक पन्नाधाय से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। मां पन्नाधाय शाखा द्वारा किए जाने वाले महिला सशक्तिकरण के कार्यों की भी उन्होंने भरपूर सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सुनीता गोयल जोली ने बताया कि महिला स्वावलंबन व सशक्तिकरण का प्रतीक यह सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न परिस्थितियों में समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही महिलाओं को दिया जाता है।
शाखा सचिव प्रीति भटनागर ने बताया कि इस वर्ष यह सम्मान अंजू अग्रवाल, मधु चौहान, अनु मीरा ,कोमल, मनीषा कंवर राठौड़, निधि प्रजापति ,सुषमा सिंह ,उमा सिंह झाला ,धन कंवर भट्ट और मेघा सुवालका को दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रीति जैन तथा रश्मि गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम संयोजिका अंबिका शर्मा तथा पुष्पा बिलोटिया ने बताया कि कार्यक्रम में उमा रानी शर्मा, लीना शर्मा, शुभा शर्मा, रचना तोमर द्वारा प्रेरणादायक प्रस्तुति दी गई। कोटा स्कूल आफ ड्रामा के विवेक शर्मा के निर्देशन में नंदिनी और टीम द्वारा एक सुंदर तथा प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया गया।