संगठित समाज की शक्ति का उपयोग शैक्षिक एवं सामाजिक उत्थान में हो: ऊर्जा मंत्री नागर

0
7

श्री धाकड महासभा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू, धाकड़ महाकुम्भ आज

कोटा। श्री धाकड महासभा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार से खड़े गणेश जी रोड़ स्थित धरणीधर गार्डन पर ध्वजारोहण के साथ प्रारम्भ हुआ। अधिवेशन में देशभर से राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी और जिलों की कार्यकारिणी के सदस्य, जनप्रतिनिधि व समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रोड़मल नागर की अध्यक्षता में परिचर्चा आयोजित हुई। जिसके बाद पांच प्रस्ताव पारित किए गए।

पहला प्रस्ताव धाकड़ समाज के शैक्षिक उत्थान से संबंधित था। वही दूसरे प्रस्ताव में धाकड़ समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। तीसरे प्रस्ताव में सामाजिक उत्थान के बारे में बात हुई। इसके अलावा समाज में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के बारे में भी प्रस्ताव लिया गया।

प्रतिनिधियों ने सर्वसहमति से सभी प्रस्ताव पारित किए। इस अवसर पर कार्यक्रम की स्मारिका का तथा धाकड़ बंधु पत्रिका और धाकड़ महासभा की वेबसाइट का विमोचन किया गया। इस दौरान स्मारिका के प्रकाशक मंडल और भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। देहदान का संकल्प करने वाले रामस्वरूप मालव और स्नेहलता मालव का भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रोडमल नागर ने कहा कि संगठन में परिवार भाव का होना बहुत जरूरी है। धाकड़ समाज कृषि कार्य से जुड़ा रहा है। हमारे पुरखों ने कहा, उत्तम खेती मध्यम व्यापार और यही हमारे समाज का आधार भी है। आज पूरी दुनिया को समझ आ रहा है की खेती ही पहला उपक्रम है। जिसके पास जमीन है, वही जागीरदार है।

हमें अपनी जमीन का संचालन और संधारण करना होगा। जमीन की कीमत कितनी भी ऊंची चली जाए, लेकिन जिस धरती को हमने मां माना है। उसे कभी नहीं बचेंगे, यह संकल्प भी करना होगा। रोडमल नागर ने कहा कि कृषि के साथ ही युवा, महिला, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्र में उन्नयन की रूपरेखा भी हमें बनानी होगी।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भगवान धरणीधर की कृपा से हमें सर्वाधिक जमीनें मिली हैं। जो हमारे पुरखों की पूंजी है। हमें कृषि के साथ-साथ व्यवसाय, व्यापार, सर्विस सेक्टर, आईटी सेक्टर, गवर्नमेंट सेक्टर में भी विस्तार करना होगा। आज धाकड़ प्रगतिशील समाजों के समकक्ष खड़ा होने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा के आधार पर पद मिलते हैं, लेकिन सफलता परिश्रम से ही मिलती है। संगठन में काम करते समय परस्पर मतभेद भुलाने पड़ते हैं। धाकड़ समाज ने ईमानदारी से हर जगह अपनी पहचान बनाई है। संगठित समाज की शक्ति का उपयोग हमारे शैक्षिक और सामाजिक उत्थान में होना चाहिए। संचालन राष्ट्रीय महामंत्री दयाराम धाकड़ और रमेश नागर ने किया।

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैयालाल नागर, उमानारायण पटेल, रामकुमार मेहता, हेमराज नागर, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, देवीलाल धाकड़, तुलसीराम धाकड़, समंदर सिंह पटेल, करणसिंह गालोदिया, मोना सुस्तानी, गोविंद धाकड़, हेमंत नागर, अनुसूया नागर, इंजी कन्हैयालाल धाकड़, लीलाधर मेहता, संजय धाकड़, प्रताप सिंह धाकड़, विजय धाकड़ एडवोकेट, इंद्रसिंह मंडलोई, दिनेश मल्हार, अशोक पटेल, ओम मेहता ने विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा में भाग लिया।

धाकड़ महाकुंभ आज
कार्यक्रम संयोजक और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हीरालाल नागर ने बताया कि अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को धाकड़ महाकुंभ होगा। जिसके तहत सीएडी स्थित दशहरा मैदान में खुला अधिवेशन होगा। जिसमें देशभर से 50 हजार धाकड़ बंधुओं के उपस्थित रहने का अनुमान है। कार्यक्रम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। अध्यक्षता धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोड़मल नागर करेंगे।

इस दौरान धरणीधर गार्डन में 5 करोड़ की लागत से बने नए अतिरिक्त भवन का लोकार्पण भी अतिथियों के द्वारा किया जाएगा। इस भवन में 44 कमरे, लिफ्ट और हॉल का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम को लेकर शनिवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जिला कलेक्टर, डॉक्टर रविंद्र गोस्वामी और सिटी एसपी डॉक्टर अमृता दुल्हन ने दशहरा मैदान जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया का विभिन्न निर्देश दिए।

देशभर के जनप्रतिनिधियों का होगा जमावड़ा
कार्यक्रम में देशभर के जनप्रतिधियों का जमावड़ा होगा। वहीं किराड़, नागर, मालव समाज के लोग उपस्थित होंगे। इस दौरान राज्यमंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मध्य प्रदेश नरेंद्र शिवाजी पटेल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, महापौर राजीव भारती, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामस्वरूप पटेल, इंजीनियर कन्हैयालाल धाकड़, उमानारायण पटेल, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, देपालपुर मध्य प्रदेश से विधायक मनोज पटेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धाकड़ महासभा तुलसीराम धाकड़, राष्ट्रीय महामंत्री किराड़ क्षत्रिय महासभा रामकुमार मेहता, अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम धाकड़, धाकड़ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजस्थान हेमराज नागर, प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश प्रेमनारायण पटेल, प्रदेश अध्यक्ष उत्तरप्रदेश योगेन्द्रनाथ धाकड़, धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरालाल मेहता, कन्हैयालाल धाकड़, लूणकरण वक्तारिया राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश दिनेश मल्हार, प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश योगेंद्र नाथ धाकड़, युवा संघ के अध्यक्ष समुद्र सिंह पटेल, मध्य प्रदेश युवा संघ के अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष संजय नांदेड़, प्रीति धाकड़, प्रवीण नागर, ओम मेहता, रामविलास मेहता उपस्थित रहेंगे।

आर्थिक रुप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
अधिवेशन के दौरान शैक्षणिक उन्नयन को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। जिसमें कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना लागू की जाएगी। वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। समाज में प्रत्येक क्षेत्र में पुस्तकालय एवं ई लर्निंग सेंटर की स्थापना की जाएगी। मौलिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा देने के प्रयास होंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र छात्राओं को कैरियर मार्गदर्शन के लिए विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे।

लौटना होगा जैविक कृषि की ओर
अधिवेशन में किसान कल्याण प्रस्ताव के तहत जैविक कृषि की ओर लौटने की जरूरत पर जोर दिया गया। पारित किए गए प्रस्ताव में रासायनिक खाद में कटौती करने की बात कही गई। प्रस्ताव में कहा कि परंपरागत जैविक कृषि की और लौटकर हमें अपनी पीढ़ियों को सुरक्षित करना जरूरी हो गया है। जमीनों की घटती उर्वरा शक्ति के लिए हमें गौ आधारित कृषि ओर आगे बढ़ना होगा।

खर्चीले विवाह पर विचार करना होगा
इस दौरान सामाजिक उन्नयन को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में संगठन में युवाओं और महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए प्रयास करने पर बल दिया गया। प्रस्ताव में कहा कि समाज भौतिक संसाधनों से सम्पन्न हैं, लेकिन खर्चीले विवाह जैसी समस्या बड़ी चुनौतियां भी सामने हैं। उनसे भी निपटने की आवश्यकता है।