Stock Market: सेंसेक्स 57 अंक टूटकर 79700 से नीचे, निफ्टी 24347 पर बंद

0
11

नई दिल्ली। Stock Market Closed: हिंडनबर्ग-सेबी विवाद के बीच शुरुआती गिरावट से उबरते हुए सोमवार को भारतीय शेयर बाजार सपाट नोट पर बंद हुए। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 56.99 अंक या 0.07 प्रतिशत टूटकर 79,648.92 पर बंद हुआ।

सुबह के कारोबार में इंडेक्स 479.78 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,226.13 के निचले स्तर पर आ गया था। बाद में बेंचमार्क में तेज सुधार हुआ और यह 400.27 अंक या 0.50 प्रतिशत चढ़कर 80,106.18 पर पहुंच गया। वहीं, दूसरी तरफ एनएसई निफ्टी 20.50 अंक या 0.08 प्रतिशत गिरकर 24,347.00 पर बंद हुआ। निफ्टी में आज 24,212.10 और 24,472.80 के रेंज में कारोबार हुआ।

सेंसेक्स के टॉप-5 गेनर्स
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में बंद हुए। एक्सिस बैंक, इंफोसिस, JSW स्टील, टाटा मोटर्स और HDFC बैंक सेंसेक्स के टॉप-5 गेनर्स रहे। इसके अलावा, कोटक बैंक, मारुति, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, ICICI, इंडसइंड बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी लाभ में रहे।

सेंसेक्स के टॉप-5 लूजर्स
वहीं दूसरी तरफ, सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। NTPC, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, SBI और नेस्ले इंडिया सेंसेक्स के टॉप-5 लूजर्स रहे। इसके अलावा, M&M, रिलायंस, TCS, L&T, HCL टेक, भारती एयरटेल, ITC, टाइटन, बजाज फाइनैंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और HUL के शेयर नुकसान में रहे।

अदाणी ग्रुप के शेयरों में गिरावट
शुरुआती कारोबार के दौरान अदाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी से गिरावट आई, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 17 फीसदी और अदाणी टोटल गैस में 13.39 फीसदी की गिरावट आई। अंत में, ग्रुप की आठ कंपनियां निचले स्तर पर बंद हुईं, जबकि उनमें से दो ने वापसी की।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “भारतीय बाजार अपेक्षाकृत सपाट रहा। उन्होंने आगे कहा कि अदाणी-हिंडनबर्ग और सेबी के बीच फिर से विवाद के तुल पकड़ने से बाजार की शुरुआत कमजोर रही। हालांकि, बाद में भारतीय शेयर बाजार, वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत लेते हुए स्मार्ट रिकवरी करने में कामयाब रहे।

ग्लोबल मार्केट का हाल
एशियाई बाजारों में, सियोल और हांगकांग हरे निशान में रहे जबकि शंघाई निचले स्तर पर बंद हुआ। टोक्यो और बैंकॉक में बाजार छुट्टी के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजार अधिकतर ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।