नड्डा ने पेपर लीक पर गहलोत सरकार को घेरा, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

0
47

कोटा। Rajasthan Assembly Election:भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कोटा संभाग के पदाधिकारियों के साथ एक होटल में बैठक की। इस दौरान नड्डा ने विधानसभा चुनाव और संगठन को लेकर चर्चा की और पार्टी पदाधिकारियों को जीत का मंत्र दिया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, वर्तमान और पूर्व विधायक समेत जिला अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कोटा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस और प्रदेश की गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही हाड़ौती संभाग की 17 सीटें जीतने का दावा किया। नड्डा ने कहा- राजस्थान की जनता परिवर्तन चाहती है। लोगों ने कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। इस सरकार ने किसानों और युवाओं के साथ धोखा किया है। आकंठ तक भ्रष्टाचार में डूबी इस सरकार को अलविदा कहने का संकल्प प्रदेश की जनता ले चुकी है।

नड्डा ने कहा- कि राजस्थान में रोजाना 17 दुष्कर्म हो रहे हैं। 15 हजार से ज्यादा नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदात रिपोर्ट हुई हैं। महिला उत्पीड़न के मामले में राजस्थान नंबर एक पर है। करौली में एक दलित बहन के साथ दुष्कर्म हुआ, उसके साथ कैसा सलूक हुआ, हम सबको पता है। भीलवाड़ा में आदिवासी बहन के साथ भी इसी तरह की घटना हुई। राजस्थान में ऐसे हजारों केस हैं जिसमें मानवता शर्मसार हुई है।

इसके अलावा नड्डा ने पेपर लीक और किसान कर्ज माफी को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में 17 पेपर लीक हुए हैं। इससे प्रदेश के 50 लाख से ज्यादा युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। इसी तरह 19 हजार किसानों की जमीनें नीलाम हुईं। किसानों से कर्ज माफी का वादा करने वाले राहुल गांधी अब उनकी जमीने कुर्क करवाकर बैठे हैं।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को कोटा और अजमेर के दौरे के बाद मार्बल नगरी किशनगढ़ पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मार्बल एसोसिएशन के सभागार में जेपी नड्डा ने अजमेर संभाग के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की।