कोटा में यूआईटी ने ऑक्सीजाेन सिटी पार्क देखने का शुल्क निर्धारित किया

0
1709

कोटा। नगर विकास न्यास ने ऑक्सीजाेन सिटी पार्क देखने का प्रति व्यक्ति शुल्क 100 रुपए निर्धारित कर दिया है। स्टूडेंट्स काे 50 रुपए छूट मिलेगी। नियमित वाॅक पर आने वालाें के लिए 300 रुपए महीने का पास बनवाना हाेगा। बाेटिंग और पक्षी विहार का शुल्क अलग हाेगा।

अधिकारियों का कहना है कि यूआईटी ने 71 एकड़ जमीन पर बनाए ऑक्सीजाेन सिटी पार्क पर 120 करोड़ खर्च किए हैं। इसे फिलहाल 5 साल के लिए ठेके पर दिया जाएगा। यह जल्दी ही आम जनता के लिए खुलेगा।

पार्क के 72% क्षेत्र में हरियाली जबकि 16 फीसदी एरिया में जल संरचनाएं हैं। इसमें कैनाल तालाब विकसित किए गए हैं। पार्क में सिर्फ 12% क्षेत्र में ही पक्का निर्माण का कार्य किया गया है। पार्क में उल्टा पिरामिड, ग्लोब स्‍टैच्‍यू पर पिघलता लावा, काइनेटिक सर्किल, ट्रीमैन सर्किल और ज्ञान सर्किल के निर्माण किया गया है।

पार्क में अभी आर्ट हिल का काम चल रहा है, जिसमें करीब डेढ़ महीना लग सकता है। इसके ऊपर रेस्टाेरेंट चलेगा। एसई रविप्रकाश माथुर ने बताया कि किसी मेट्राे ट्रेन की तरह टाेकन दिया जाएगा। उससे ही अंदर जा पाएंगे।

वॉकर्स के लिए डेढ़ किलाेमीटर का पाथ बनाया गया है। इसके अलावा वे अन्य जगहाें पर नहीं जा सकेंगे। 24 घंटे गार्ड तैनात रहेंगे। ठेके देने की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी ही पार्क का पूरा रखरखाव करेगी।

खान-पान की वस्तुएं अंदर नहीं ले जा सकेंगे: सिटी पार्क में कैमराें की नजर रहेगी। यहां करीब 44 आधुनिक कैमरे लगाए हैं। कैमराें से अधिकारी व कंपनी के सुपरवाइजर नजर रखेंगे। पार्क में बाहर की काेई भी वस्तु काेई व्यक्ति अंदर नहीं ले जा पाएगा। धूम्रपान सहित खान-पान की वस्तुएं गेट पर सुरक्षाकर्मी रखवा लेंगे। पानी अंदर मिल जाएगा।

3.50 किमी की नहर और पांच बड़े तालाब: प्राणवायु की प्रचुरता के लिए तुलसी वन और विभिन्न सुगंधों वाले फूलों के विशेष जोन बनाए गए हैं। हरियाली के साथ-साथ 3.50 किमी की नहर और पांच बड़े तालाब भी तैयार किए गए हैं। पार्क में प्रवेश करते ही सड़क के दोनों किनारे खास फूलों से सजाए जा गए हैं। इसे फ्लावर वैली नाम दिया गया है. सड़क के दोनों ओर साइकिल ट्रैक भी बनाया गया है। रोड के आखिर में कोटा का प्रतिनिधित्व करती पढ़ते हुए किशोर की स्टेच्यू लगाया गई है। वॉकर्स के लिए नहर के चारों ओर कच्चे और पक्के फुटपाथ का निर्माण किया गया है।