गहलोत सरकार राजस्थान में महिलाओं को रसोई गैस आधी कीमत में देगी

0
99

अलवर। राजस्थान की कांग्रेस शासित गहलोत सरकार ने वर्ष 2023 के विधान सभा के चुनाव जितने की रणनीति के तहत अब उज्जवला योजना की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा कर दी है।

भारत जोड़ा यात्रा के तहत सोमवार को अलवर जिले के मालाखेड़ा में सभा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह घोषणा कर सभी को हैरान कर दिया है। गहलोत ने कहा कि हम एक कैटेगरी बना रहे हैं।

इस कैटेगरी के लोगों को एक हजार 50 रुपये का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में देंगे। सिलेंडर अप्रैल से राज्य में मिलेगा। अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लेकर आएंगे।

गहलोत अगला बजट जनवरी में पेश करेंगे
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अगले महीने बजट पेश करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले महीने पेश होने वाले बजट में हम रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे। ERCP के मुद्दे पर बात करते हुए गहलोत ने कहा कि हम किसी भी हालत में इसे बंद नहीं करेंगे। इसे राष्ट्रीय योजना का दर्ज दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

राहुल गांधी की यात्रा अलवर पहुंची
राजस्थान में चल रही राहुल गांधी की यात्रा सोमवार को अलवर जिले में पहुंची, जो प्रदेश में इस यात्रा का अंतिम पड़ाव है। आज सुबह छह बजे से दौसा के बांदीकुई के कोलाना कोर्ट कैंपस से यात्रा शुरू हुई। सुबह 10 बजे यात्रा अलवर जिले के राजगढ़ में सुरेर की ढाणी पहुंची। यहीं लंच ब्रेक रखा गया है। अलवर में इस दौरान जनसभा भी हुई, जिसमें राहुल गांधी ने जनता को संबोधित किया। राहुल के बाद अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी जनता से रूबरू हुए।