बाजार में तेजी का दौर थमा, सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा टूटा

0
158

मुंबई। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार में तेजी का दौर थम गया। शुरुआत बढ़त को गंवाते हुए बाजार के दोनों सूचकांक लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स जहां 709 अंक टूटकर 55,777 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 225 अंक फिसलकर 16,646 के स्तर पर बंद हुआ।

इससे पहले शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी, लेकिन कारोबार शुरू होने के कुछ ही देर बाद गिरावट का दौर शुरू हो गया, जो अंत तक चला। आज सेंसेक्स 177 अंक ऊपर 56,663 पर खुला था। इसने 56,720 का ऊपरी और 56418 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 में से केवल 7 शेयर बढ़े और 23 गिरकर बंद हुए। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में टेक महिंद्रा और कोटक बैंक 3% तक गिरे। इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, HCL टेक के शेयर 2% से ज्यादा गिरे।

पेटीएम का शेयर आज भी 12.7% गिरकर बंद हुआ। सोमवार को इसमें 13% की गिरावट आई थी। अब यह 585 रुपए पर पहुंच गया है और मार्केट कैप 38 हजार करोड़ रुपए है। इनके अलावा एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, विप्रो, डॉ. रेड्‌डी, इंडसइंड बैंक, HDFC, HDFC बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर 1 से 2% गिरकर बंद हुए। अल्ट्राटेक, बजाज फाइनेंस, सनफार्मा और SBI के शेयर भी नीचे कारोबार किए।

बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, नेस्ले, एशियन पेंट, टाइटन,ICICI बैंक, बजाज फिनसर्व और एयरटेल रहे। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 251.58 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 254.26 लाख करोड़ रुपए था।

निफ्टी के 50 में से 36 स्टॉक तेजी में और 14 गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में ONGC, कोल इंडिया, हिंडालको, टाटा स्टील और JSW स्टील हैं। बढ़ने वालों में टाटा कंज्यूमर, महिंद्रा एँड महिंद्रा, सिप्ला और मारुति हैं।