नर्मदेश्वर शिवलिंग प्रतिष्ठा महोत्सव: नंदी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले भोलेनाथ

0
11

श्री मंगलमय चमत्कारी धाम में अघोरी दल, सप्तऋषि मंडल के साथ निकली शिव बारात

​कोटा। विज्ञान नगर स्थित ‘श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति’ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को समूचा क्षेत्र शिव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था भगवान भोलेनाथ की भव्य ‘शिव बारात’ का, जिसमें नंदी पर सवार महादेव के दर्शनों के लिए सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।

देवताओं के साथ निकले अघोरी और सप्तऋषि के अलौकिक दर्शन कर लग रहा था, मानो देव-लोक शिव की बारात का साक्षी बनने के लिए धरातल पर साक्षात उतर आया हो। बारात में भगवान भोलेनाथ नंदी पर सवार होकर भक्तों को आशीष दे रहे थे, तो वहीं बग्घियों में भगवान विष्णु गरुड़ पर और माता लक्ष्मी, रिद्धि-सिद्धि के साथ गणपति व वीर हनुमान की मनमोहक झांकियां सजी हुई थीं। ​

यह भी पढ़ें —कॉमर्स कॉलेज मैदान बना गोकुल धाम, भक्तों ने पीताम्बरी वस्त्रों में मनाया नंदोत्सव

बारात में सप्त ऋषि के रुप में प्राचीन परंपराओं को जीवंत करते सप्त ऋषियों की टोली चल रही थी। वहीं भस्म आरती और विशेष नृत्यों के साथ शिव के गणों का प्रतिनिधित्व अघोरी दल मौजूद थे। ​ढोल-ताशा के गूंजते नगाड़ों और ढोल की थाप पर युवा झूमते नजर आए। प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने भी इस बारात में सम्मिलित होकर इसकी गरिमा बढ़ाई।

​प्रमुख मार्गों से पुष्प वर्षा के बीच निकली बारात
​बारात का शुभारंभ कॉमर्स कॉलेज से हुआ। जहाँ से हरमीत मेडिकल, दिनेश गैस और ब्रजवासी मिष्ठान भंडार जैसे प्रमुख व्यापारिक मार्गों से होते हुए यह जनता डेयरी स्थित ‘श्री मंगलमय चमत्कारी धाम मंदिर’ पहुँची। पूरे मार्ग में स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा शिव बारात का भव्य स्वागत किया गया और पुष्प वर्षा की गई।

​14 मई को होगी सवा पांच फीट के शिवलिंग की स्थापना
​महंत अशोक तिवारी ने बताया कि इस बारात का उद्देश्य 14 मई को मंदिर परिसर में स्थापित होने वाले सवा पांच फीट ऊंचे भव्य नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण देना था। वर्तमान में अग्नि अखाड़े के महंत श्री गोपालानंद महाराज के सानिध्य में ‘शिव शक्ति यज्ञ’ जारी है, जिसमें काशी, उज्जैन और वृंदावन के विद्वान पंडितों द्वारा प्रतिदिन 11 हजार आहुतियां दी जा रही हैं।

​आज होगा ‘शिव-पार्वती विवाह’
​उत्सव की अगली कड़ी में बुधवार को गोधूलि बेला (शाम 6:30 बजे) में पूर्ण वैदिक रीति के साथ शिव-पार्वती विवाह का दिव्य आयोजन होगा। इसके पश्चात 15 मई को ‘प्रभु इच्छा तक’ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।