आयात ज्यादा होने से जून में व्यापार घाटा बढ़कर 20.98 अरब डॉलर रहा

0
8

नई दिल्ली। देश का वस्तुओं का निर्यात जून में 2.56 प्रतिशत बढ़कर 35.2 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी महीने में निर्यात 34.32 अरब डॉलर रहा था। सरकार की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

आंकड़ों के अनुसार, जून में आयात लगभग पांच प्रतिशत बढ़कर 56.18 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान महीने 53.51 अरब डॉलर था। समीक्षाधीन माह में व्यापार घाटा (आयात और निर्यात का अंतर) 20.98 अरब डॉलर रहा।

निर्यात आंकड़ों की जानकारी देते हुए वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने संवाददाताओं से कहा कि मौजूदा रुख को देखते हुए देश का वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात चालू वित्त वर्ष में 800 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर सकता है।

उन्होंने कहा कि 2024-25 की पहली तिमाही के दौरान वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात लगभग 200 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है। मई में भारत का वस्तुओं का निर्यात 9.1 प्रतिशत बढ़कर 38.13 अरब डॉलर रहा था, जबकि व्यापार घाटा बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर 23.78 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जून के दौरान निर्यात 5.84 प्रतिशत बढ़कर 109.96 अरब डॉलर और आयात 7.6 प्रतिशत बढ़कर 172.23 अरब डॉलर रहा है।