निर्मला सीतारमण दुनिया की ताकतवर महिलाओं की सूची में शामिल

0
242

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया है। उन्हें दुनिया की सबसे चर्चित मैगजीन फोर्ब्स ने 37वां स्थान दिया है। निर्मला सीतारमण को लगातार तीसरी बार ‘दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं’ की लिस्ट में जगह मिली है। सीतारमण ने इस बार लिस्ट में अपने स्थान में काफी अच्छा सुधार किया है। वह अमेरिका की वित्त मंत्री जैनेट येलेन से भी दो पायदान आगे हैं।

फाल्गुनी नायर को 88वां स्थान: फोर्ब्स ने दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में Nykaa की फाउंडर और सीईओ फाल्गुनी नायर को भी जगह दी है। उन्हें इस लिस्ट में 88वां स्थान मिला है। फाल्गुनी नायर, शेयर बाजार में अपनी कंपनी की शानदार शुरुआत के बाद अभी हाल ही में भारत की 7वीं महिला अरबपति बनी हैं।

रोशनी नाडर 52वें स्थान पर:वित्त मंत्री सीतारमण और फाल्गुनी नायर के अलावा फोर्ब्स ने इस लिस्ट में भारत की एक और महिला को स्थान दिया है। एचसीएल टेक्नोलॉजिज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर को 52वां स्थान दिया है। रोशनी नाडर, देश की किसी आईटी कंपनी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। फोर्ब्स ने अपनी इस लिस्ट में Biocon की फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ को भी जगह दी है, उन्हें 72वें स्थान पर रखा गया है।

मैकेंजी स्कॉट दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिला : फोर्ब्स ने 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में मैकेंजी स्कॉट को पहला स्थान दिया है। मैकेंजी स्कॉट, दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति और अमेजन ग्रुप के मालिक जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी हैं। 2019 में दोनों के बीच तलाक हो गया था। लिस्ट में दूसरे स्थान पर अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस हैं।