नई दिल्ली। Stock Market Update, April 8, 2026: एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को जबरदस्त उछाल के साथ खुले। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा से दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी आई और इसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी दिखा।
कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट से भी निवेशकों के रुख पर पॉजिटिव असर पड़ा। इसके अलावा इंडेक्स हैवी एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी से भी बाजार को सपोर्ट मिल रहा है।
सुबह 9:25 बजे तूफानी तेजी के बीच सेंसेक्स 2700 अंकों से अधिक की उछाल के साथ 77392 पर पहुंच गया। जबकि, एनएसई का निफ्टी 800 अंकों से अधिक की तूफानी तेजी के साथ 23938 पर पहुंच गया। निफ्टी मिडकैप और स्मॉल कैप इंडेक्स 3 प्रतिशत से ऊपर हैं। सेक्टोरल इंडेक्स में बैंक निफ्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज दोनों 4 पर्सेंट से ऊपर हैं।
ऑटो इंडेक्स 5 प्रतिशत से ऊपर ट्रेड कर रहा है। पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक भी चार फीसद से अधिक चढ़े हैं। रियल्टी में 5.70 प्रतिशत की उछाल है। ऑयल एंड गैस, मीडिया और मेटल भी 2 से 3 प्रतिशत ऊपर हैं।
बीएसई का सेंसेक्स पर सभी स्टॉक्स ग्रीन हैं। निफ्टी में इंडिगो 10 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर है। एलएंडटी में 7 प्रतिशत से अधिक की तेजी है। अडानी पोर्टस, बजाज फाइनेंस और श्रीराम फाइनेंस भी 6 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 3 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त लेकर 77,290 पर खुला। जबकि मंगलवार को यह 74,616 अंक पर बंद हुआ था। सुबह 9:22 बजे यह 2625.88 अंक या 3.52 प्रतिशत की तगड़ी तेजी के साथ 77,242.46 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (निफ़्टी-50) भी बड़े उछाल के साथ 23,855 अंक पर खुला और खुलते ही 24 हजार के करीब पहुंच गया। सुबह 9:24 बजे यह 762.70 अंक या 3.30 फीसदी की बढ़त लेकर 23,872 पर कारोबार कर रहा था।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजारों में बुधवार सुबह जोरदार तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सबसे आगे रहा। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स क्रमशः 4.97 प्रतिशत और 5.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद निवेशकों का जोखिम लेने का रुझान सुधरने से बुधवार सुबह अमेरिकी शेयर वायदा बाजार में जोरदार तेजी देखी गई।
एसएंडपी 500 फ्यूचर्स 2.32 प्रतिशत या 155 अंक बढ़कर 6,812 पर पहुंच गया, जबकि डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स 2.12 प्रतिशत या 993 अंक की बढ़त के साथ 47,805 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, रात में वॉल स्ट्रीट पर एसएंडपी 500 और नैस्डैक कंपोजिट क्रमशः 0.08 प्रतिशत और 0.10 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.18 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

