मुंबई। मजबूत ग्लोबल संकेतों के कारण बीएसई सेंसेक्स 724.02 अंक ऊपर 41,340.16 पर और निफ्टी 211.80 अंक ऊपर 12,120.30 पर बंद हुआ है। आज बाजार की तेजी को बैंकिंग और मेटल शेयरों ने लीड किया। निफ्टी बैंक इंडेक्स 2% और निफ्टी मेटल इंडेक्स 4% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
बाजार में बढ़त के कारण आज बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 2.81 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 162.29 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो बुधवार को 159.48 लाख करोड़ रुपए था।
निफ्टी में हिंडाल्को और इंडसइंड बैंक के शेयरों में 6-6 फीसदी बढ़त देखने को मिली। सरकारी बैंक एसबीआई और बीपीसीएल के शेयरों में भी 5-5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। जबकि हीरो मोटोकॉर्प और एचडीएफसी लाइफ के शेयर हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। सुबह बीएसई सेंसेक्स 495.98 अंक ऊपर 41,112.12 पर और निफ्टी 153.90 अंक ऊपर 12,062.40 पर खुला था।
निफ्टी-50 इंडेक्स के टॉप-5 गेनर स्टॉक्स
| कंपनी | बंद भाव | बढ़त (%) |
| इंडसइंड बैंक | 720.00 | 6.19 |
| हिंडाल्को | 187.10 | 6.01 |
| एसबीआई | 218.50 | 5.56 |
| बीपीसीएल | 367.30 | 5.29 |
| टाटा स्टील | 424.60 | 5.13 |
बीएसई पर करीब 61% कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही
- बीएसई का मार्केट कैप 162.27 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,828 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,737 कंपनियों के शेयरों में बढ़त और 912 कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- 97 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 61 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 208 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 217 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
रुपए का भाव: अमेरिकी प्रेसिडेंशियल इलेक्शन में जो बाइडेन की बढ़त का असर करेंसी मार्केट पर भी दिखा। गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 40 पैसे मजबूत होकर 74.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 47 पैसे ऊपर 74.29 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, कल रुपया 34 पैसे की गिरावट के साथ 74.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
बाजार में तेजी की वजह
1. मजबूत ग्लोबल संकेत- भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी है। इसकी वजह अमेरिका के नैस्डैक और एसएंडपी 500, जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट में शानदार तेजी है। इसके अलावा यूएस प्रेसिडेंशियल इलेक्शन में जो बाइडेन की बढ़त का भी असर है।
2. दिग्गज शेयरों में बढ़त – मार्केट में दिग्गज कंपनियों के शेयरों में शानदार खरीदारी है। बीएसई में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, इंफोसिस, एसबीआई और कोटक बैंक के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इससे मार्केट की तेजी को सहारा मिल रहा है।
3. इकोनॉमी में सुधार के संकेत- अक्टूबर में अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत नजर आने लगे हैं। आईएचएस मार्किट के अनुसार पीएमई इंडेक्स 54.1 पर पहुंच गया है। इसके अलावा बिजली खपत, ऑटो सेल्स और अन्य के आंकड़ों में सुधार आया है। इसके अलावा दूसरी तिमाही में कंपनियों ने भी मजबूत नतीजे पेश किए हैं।
4. देश में कोरोना- देश में कोरोना के नए मामलों में गिरावट आई है। रिकवरी रेट भी 92% के पार पहुंच गया है। इसके अलावा 21 राज्यों में औसत से कम मौत के आंकड़े से बाजार पॉजिटिव है।

