ईरानी मिसाइलों की रेंज में भारत समेत कई देश, इजरायली सेना ने दी दुनिया को चेतावनी

0
42

तेल अवीव। इजरायल ने बार-बार कहा है कि ईरान सिर्फ उसके लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है। अब इजरायली सेना (IDF) ने एक मानचित्र जारी कर समझाया है कि ईरानी मिसाइलों की रेंज कहां तक है।

इस मानचित्र में भारत को भी ईरानी मिसाइलों की रेंज में दिखाया गया है। यह पहला मौका है, जब इजरायली सेना ने इस तरह का मानचित्र जारी किया है। इसमें भारत के अलावा रूस और चीन के अधिकांश हिस्से और पूरे यूरोप को जद में दिखाया गया है।

आईडीएफ के X हैंडल पर पोस्ट की गई तस्वीर का कैप्शन है, “ईरानी शासन की धमकी न केवल इजरायल के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए खतरा है।” इस पोस्ट में ईरानी मिसाइलों की रेंज वाली तस्वीर लगी हुई है।

इसमें ईरान की मिसाइलों की 300, 1000, 2000 और 3000 किलोमीटर की रेंज में बांटा गया है। भारत का पश्चिमी क्षेत्र ईरान की 1000 किमी की दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है। इसके बाद आधा भारत 2000 किमी की रेंज वाली मिसाइलों और पूरा भारत 3000 किमी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है।

ईरान के पास मिसाइलों का बड़ा जखीरा
ऐसा अनुमान है कि ईरान के पास बैलिस्टिक मिसाइलों का एक बड़ा भंडार है। इनमें से अधिकांश मिसाइलों को अंडरग्राउंड बंकरों में छिपाकर रखा गया है। इन मिसाइलों को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हमले में इस्तेमाल किया गया है। ईरान ने मध्य पूर्व में अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में अमेरिकी सेना को भारी नुकसान पहुंचने की भी सूचना है। कम से कम चार अमेरिकी सैनिक इन हमलों में मारे जा चुके हैं।

ईरान के पास लंबी दूरी की कई मिसाइलें
ईरान के पास लंबी दूरी तक मार करने वाली कई मिसाइलें हैं। इनमें सेजिल मिसाइल की रेंज 2000 किलोमीटर है। इमाद मिसाइल की रेंज 1700 किलोमीटर, गदर मिसाइल की रेंज 2 000 किलोमीटर और खोर्रमशहर मिसाइल की रेंज 2000 किलोमीटर है। खोर्रमशहर-4 मिसाइल की रेंज 3000 किमी बताई जाती है। इनके अलावा सिमोर्ग मिसाइल की रेंज 4000 से 6000 किमी और घैम-100 मिसाइल की रेंज 3000 से 4000 किमी मानी जाती है।