नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी, आज उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद लगातार आठवें दिन गिरावट लेकर बंद हुए। यह निफ्टी F&O की समाप्ति और निवेशकों की आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (RBI MPC Meet) की बैठक से पहले सतर्कता बनाए रखने की वजह से हुआ।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) लगभग 177 अंक की बढ़त लेकर 80,541.77 पर खुला। दिन के दौरान इस बेंचमार्क इंडेक्स ने 80,677.82 के हाई और 80,201.15 के लो रेंज में कारोबार किया। अंत में यह इंडेक्स 97.32 अंक या 0.12 फीसदी की गिरावट लेकर 80,267.62 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 24,691.95 पर खुला। कारोबार के दौरान इस इंडेक्स ने 24,731.80 के हाई और 24,587.70 के लो रेंज में ट्रेड किया। अंत में यह 23.80 अंक या 0.10 फीसदी गिरकर 24,611 अंक पर बंद हुआ। पिछले आठ कारोबारी सत्रों में, बीएसई सेंसेक्स 2,746 अंक तक गिर चुका है, जबकि एनएसई निफ्टी 50 इसी अवधि में 3.2 फीसदी या 813 अंक नीचे आया है।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
बीएसई पर, भारती एयरटेल, आईटीसी, ट्रेंट और बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। इसके विपरीत, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स और बीईएल सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में रहे। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.01 फीसदी गिरकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 0.08 फीसदी बढ़ा। सेक्टोरल स्तर पर, निफ्टी मीडिया सबसे ज्यादा गिरावट वाला सेक्टर रहा, जो 1.23 फीसदी तक नीचे गया। वहीं, निफ्टी पीएसयू बैंक और मेटल सेक्टर 1 फीसदी से ज्यादा बढ़कर बंद हुए।

