सेंसेक्स 961 अंक लुढ़ककर 81300 के नीचे बंद, निवेशकों के 4.91 करोड़ रुपये स्‍वाहा

0
6

नई दिल्ली। Stock Market Closed: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट हुई।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,287.19 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 पर बंद हुआ।

आईटी शेयरों में बढ़त के बावजूद बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी जैसे सेक्टरों में बिकवाली से बाजार दबाव में आ गया। इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों कमजोरी का भी बाजार पर नेगेटिव असर पड़ा। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ रहे तनाव की वजह से निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं और बीच-बीच में मुनाफा वसूली कर रहे हैं।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 82,246 अंक पर लगभग सपाट खुला। लेकिन खुलते ही इसमें गिरावट देखी गई। कारोबार के अंत में बिकवाली हावी हो गई और यह 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत की गिरावट लेकर 81,287.19 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 25,459 पर खुला। खुलते ही यह 25,400 के नीचे फिसल गया। अंत में 317.90 अंक या 1.25 फीसदी की गिरावट के साथ 25,178.65 पर बंद हुआ।