नई दिल्ली। Stock Market Closed: हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार 12 फरवरी को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 558.72 अंक या 0.66 प्रतिशत गिरकर 83,674.92 पर और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 146.65 अंक या 0.57 प्रतिशत गिरकर 25,807.20 पर बंद हुआ है। इस गिरावट से निवेशकों को 3.06 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी और बीएसई का मार्केट कैप 471.93 लाख करोड़ रुपये रह गया।
इसी के साथ बाजार में पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन से जारी बढ़त का सिलसिला टूट गया। एआई डिस्क्रप्शन से डर से भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बाजार में गिरावट आई। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट ने भी बाजार को नीचे खींचा।
आईटी शेयरों में भारी बिकवाली और अमेरिका में रोजगार के आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहने के कारण रेट कट की संभावना धूमिल होने से आज घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट आई।
कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 700 अंक से अधिक गिरावट के साथ 83,516 अंक पर आ गया था जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 150 अंक से अधिक फिसलकर 25,800 अंक तक गिर गया था।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गिरावट के साथ 83,968 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 83,516 अंक तक फिसल गया था। अंत में 558.72 अंक या 0.66 फीसदी की गिरावट लेकर 83,674.92 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट लेकर 25,906 पर खुला और सेशन के दौरान इसी स्तर के नीचे रहा। अंत में 146.65 अंक या 0.57 प्रतिशत गिरकर 25,807 पर बंद हुआ।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी बढ़ती चिंताओं और अमेरिका में मजबूत रोजगार आंकड़ों तथा कम बेरोजगारी दर के कारण वहां ब्याज दरों में कटौती की कम उम्मीद ने आईटी इंडेक्स में तेज गिरावट ला दी।
इससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ। वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बाजार की दिशा बदल रही है। इससे सर्विसेस आधारित सेक्टर्स में मुनाफा घट रहा है और कुछ बड़ी कंपनियों में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस और एचसीएल टेक में तेज बिकवाली का दबाव देखा गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा भी प्रमुख रूप से नुकसान झेलने वाले शेयरों में शामिल रहा। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और ट्रेंट बाजार की कमजोरी के बावजूद बढ़त के साथ बंद हुए और दिन के शीर्ष बढ़त वाले शेयर रहे।
सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी आईटी इंडेक्स दिन का सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाला इंडेक्स रहा। इसमें 5.51 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज हुई। निफ्टी रियल्टी 1.45 प्रतिशत और निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.19 प्रतिशत नीचे रहे।
कमजोरी के बीच निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 0.38 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। कमजोरी का असर ब्रोडर मार्केटस पर भी दिखा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.47 प्रतिशत नीचे बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

