नई दिल्ली। 11:10 AM Share Market Updates: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी आज लाल निशान पर खुला। सेंसेक्स अब 399 अंक नीचे 83422 के लेवल पर है।
जबकि, निफ्टी 140 अंकों के नुकसान के साथ 25635 पर है। निफ्टी टॉप गेनर्स की लिस्ट में ट्रेंट, स्टेट बैंक, ओएनजीसी, हिन्दुस्तान यूनीलीवर और डॉक्टर रेड्डी हैं। जबकि, निफ्टी टॉप लूजर्स की लिस्ट में हिंडाल्को, टाटा मोटर्स, इटरनल, एशियन पेंट्स और इंडिगो हैं।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मामूली गिरावट लेकर 83,757 पर खुला। खुलने के कुछ ही देर में इसमें गिरावट बढ़ गई। सुबह 9:22 बजे यह 273.15 अंक या 0.33 फीसदी गिरकर 83,544.54 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 25,755.90 पर ओपन हुआ। सुबह 9:23 बजे यह 87.15 अंक या 0.34 फीसदी गिरकर 25,685 पर ट्रेड कर रहा था।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशिया के शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई। यह गिरावट वॉल स्ट्रीट के पिछले सत्र के रुख के अनुरूप रही, जहां टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली जारी है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 इंडेक्स क्रमशः 2.35 प्रतिशत और 0.49 प्रतिशत तक टूट गए।
एसएंडपी 500 और टेक्नोलॉजी शेयरों से भरा नैस्डैक 100 क्रमशः 0.51 प्रतिशत और 1.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। निवेशकों को टेक शेयरों के महंगे वैल्यूएशन को लेकर चिंता सता रही है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, नैस्डैक 100 ने अक्टूबर के बाद की सबसे बड़ी दो-दिवसीय गिरावट दर्ज की और अपने 100-दिन के मूविंग एवरेज से नीचे चला गया। अब सबकी नजर भारत के निफ्टी आईटी इंडेक्स पर रहेगी, जिसने एक दिन पहले वैश्विक बिकवाली के बीच छह साल से ज्यादा समय की सबसे बड़ी गिरावट देखी थी।

