नई दिल्ली। Stock Market Update:शेयर मार्केट में गिरावट बरकरार है। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 290 अंक नीचे 82956 पर आ गया है। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 75 अंकों की गिरावट के साथ 25509 पर आ गया है।
इस गिरावट में भी स्टेट बैंक, कोटक बैंक, अल्ट्राटेक, ओएनजीसी, एनटीपीसी निफ्टी टॉप गेनर्स हैं। जबकि, इटरनल, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इंडिगो, जियो फाइनेंस निफ्टी टॉप लूजर हैं।
एशियाई बाजारों से सुस्त संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (20 जनवरी) को सपाट रुख के साथ खुले। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मामूली गिरावट के साथ 83,207 अंक पर खुला।
खुलने के बाद इंडेक्स में सुस्ती देखने को मिली। सुबह 9:20 बजे यह 26.90 अंक या 0.03 फीसदी की मामूली गिरावट लेकर 83,219.28 पर ट्रेड कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,580 पर सपाट खुला। सुबह 9:20 बजे यह 23.55 अंक या 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,561 पर कारोबार कर रहा था।
विश्वभर के निवेशक बढ़ते भूराजनीतिक तनावों को लेकर सतर्क हैं। जबकि घरेलू मोर्चे पर निवेशक अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर स्पष्टता से पहले सतर्क रुख अपना रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशिया के शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट जारी रही। इसमें सबसे ज्यादा गिरावट जापान के निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया के कोस्पी में देखी गई। जापान के शेयर बाज़ार भी दबाव में रहे। क्योंकि प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने अगले महीने जल्दी चुनाव कराने का आधिकारिक ऐलान किया है। वहीं, सोमवार को मार्टिन लूथर किंग जूनियर डे की वजह से वॉल स्ट्रीट बंद रहा।
निफ्टी आउटलुक
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुदी आर. के मुताबिक, 25,600 के अहम सपोर्ट से नीचे मजबूती से फिसलने के बाद निफ्टी फिलहाल कमज़ोरी के दौर में है।निफ्टी 25,500 से 26,000 के दायरे में ही घूम रहा है और 20, 50 व 100 दिनों के औसत (EMA) से नीचे कारोबार कर रहा है, जिससे तेज़ी की रफ्तार कमजोर दिख रही है। अभी निफ्टी के लिए तुरंत सपोर्ट 25,500 पर है। अगर यह स्तर टूटता है, तो अगला सहारा 25,400 (जो पहले ऊपरी स्तर था, अब सपोर्ट बन गया है) और उसके बाद 25,125 पर दिखता है।

