Stock Market: 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान के बाद संभला बाजार

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Updates : शेयर मार्केट में बुधवार को भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। मार्केट की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन यह बहुत देर नहीं टिक सकी। कुछ ही देर में इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई। सुबह करीब 11 बजे तक सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा गिर गया था। वहीं निफ्टी में भी करीब 300 अंकों की गिरावट आई। इस गिरावट से निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।

इस गिरावट के साथ बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप गिरकर 449.76 लाख करोड़ रुपये रह गया। वहीं मार्केट के शुरुआती डेढ़ घंटे में ही 4.50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए थे। हालांकि दोपहर को स्थिति कुछ संभली और सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा चढ़ गया। हालांकि इसमें बाद में फिर से गिरावट आ गई।

शेयर मार्केट की शुरुआत आज भी लाल निशान के साथ हुई, लेकिन चंद मिनट बाद ही इसने यू-टर्न ले लिया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 385 अंक नीचे 81794 पर खुलने के बाद 82282 पर पहुंच गया। यह तेजी भी चंद मिनटों तक रही और अब 210 अंक नीचे सेंसेक्स 81970 पर ट्रेड कर रहा है।

ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और यूरोप के बीच तनाव ने निवेशकों की घबराहट बढ़ा दी है। इससे निवेशकों की भावनाओं पर नेगेटिव असर पड़ा है जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बड़ी गिरावट लेकर 81,794 अंक पर खुला। खुलते ही इसमें भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह 9:20 बजे यह 92.99 अंक या 0.11 फीसदी की बढ़त के साथ 82,273.46 पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) गिरावट के साथ 25,141 अंक पर खुला। सुबह 9:23 बजे यह 4.20 अंक या 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ 25,228.30 पर था।

निफ्टी टुडे लेबल
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के अनुसार, निफ्टी के डेली चार्ट पर अभी भी तेजी में बेचने (sell-on-rise) का रुख दिख रहा है। इंडेक्स अपने 20-दिन, 50-दिन और 100-दिन के मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहा है, जिससे कमजोरी साफ नजर आती है। तुरंत रेजिस्टेंस 25,500–25,600 के स्तर पर है। फिलहाल निफ्टी 25,163 के पास मौजूद 200-दिन के EMA से थोड़ा ऊपर है, जो हाल के सत्रों में अहम सपोर्ट रहा है।

उन्होंने कहा कि नीचे की ओर 25,000 एक अहम मनोवैज्ञानिक स्तर है। इसके बाद मजबूत लंबी अवधि का सपोर्ट 24,700 के आसपास है, जो जून 2022 और मार्च 2023 के निचले स्तरों को जोड़ने वाली ट्रेंडलाइन से बनता है। कुल मिलाकर बाजार का रुख अभी बेयरिश बना हुआ है। अगर निफ्टी 25,000 के नीचे मजबूती से फिसलता है, तो गिरावट बढ़कर 24,700 तक जा सकती है।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशिया के शेयर बाजार बुधवार को भी गिरावट में रहे। इसकी वजह अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों को दी गई धमकी है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.35 प्रतिशत गिरा। एक दिन पहले तेज बिकवाली के बाद बुधवार को बॉन्ड बाजार में कुछ सुधार देखा गया।

ट्रंप ने आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, जो 1 फरवरी से लागू होगा और जून में बढ़कर 25 प्रतिशत हो जाएगा। इन देशों ने ग्रीनलैंड को हासिल करने की उनकी योजना का विरोध किया था।

वॉल स्ट्रीट पर शेयर बाजार में पिछले साल अप्रैल की बड़ी गिरावट के बाद सबसे खराब दिन रहा। बाजार में उतार-चढ़ाव नवंबर के बाद सबसे ज्यादा स्तर पर पहुंच गया। S&P 500 और नैस्डैक दोनों इंडेक्स 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर बंद हुए।

इस हफ्ते दुनिया की नजर दावोस में हो रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम पर है। यहां ग्लोबल लीडर अमेरिका के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपने अहम भाषण में कहा कि ‘नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था’ अब लगभग खत्म हो चुकी है।