Stock Market: सेंसेक्स 153 अंक गिरकर 81773 पर और निफ्टी 25 हजार के पार बंद

0
9

नई दिल्ली। Stock Market Closed : एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (8 अक्टूबर) को बढ़त में खुलने के बावजूद गिरावट में बंद हुए। आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला लेकिन ऑटो समेत चुनिंदा हैवीवेट स्टॉक्स में प्रॉफिट बुकिंग से बाजार नीचे आया।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बढ़त के साथ 81,899.51 अंक पर खुला। बढ़त में खुलने के बाद इंडेक्स में उतार-चढ़ाव देखा गया। कारोबार के दौरान यह 82,257 अंक के हाई और 81,646 अंक के इंट्रा-डे लो तक गया। अंत में यह 153.09 अंक या 0.19 फीसदी की गिरावट लेकर 81,773.66 पर बंद हुआ।

नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) मामूली गिरावट के साथ 25,079.75 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 25,192 अंक के इंट्रा-डे हाई और 25,008 अंक के इंट्रा-डे लो तक गया। अंत में यह 62.15 अंक या 0.25 फीसदी गिरकर 25,046 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”इंडेक्स ने एक उतार-चढ़ाव भरा सेशन देखा। इसमें तेज रैली के बाद मुनाफावसूली ने रफ्तार को थाम दिया। निवेशकों में सतर्कता देखी गई क्योंकि वे दूसरी तिमाही के नतीजों से पहले वैल्यूएशन और ग्रोथ के अनुमान का दोबारा मूल्यांकन कर रहे हैं।

सेक्टोरल ट्रेंड्स मिले-जुले रहे। आईटी शेयरों ने मजबूत डिमांड और आकर्षक वैल्यूएशन के चलते बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि ऑटो, बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर मुनाफावसूली के दबाव में रहे। वैश्विक अनिश्चितताओं और अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन के चलते सोने की कीमत ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई।

इससे जोखिम से बचाव की भावना का संकेत मिला। अब निवेशकों की नजर सितंबर की फेडरल रिजर्व (FOMC) बैठक के मिनट्स पर टिकी है, जिससे फेड की नीतिगत दिशा का संकेत मिल सकता है।”

उन्होंने कहा, ”आगे चलकर, जहां वैश्विक घटनाक्रम महत्वपूर्ण बने रहेंगे, वहीं बाजार का ध्यान अब घरेलू कंपनियों के नतीजों, मैक्रोइकनॉमिक डेटा और आने वाले त्योहारों के सीजन पर केंद्रित रहेगा।”

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में क्रमशः 0.73 फीसदी और 0.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल मोर्चे पर देखें तो निफ्टी आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को छोड़कर सभी सेक्टर्स लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.51 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।

आईटी शेयरों में इंफोसिस, टीसीएस, कोफोर्ज, एलटीआई माईंडट्री, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में अच्छी तेजी रही। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी रियल्टी, मीडिया, ऑटो और एनर्जी इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। निफ्टी बैंक, एफएमसीजी, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी 1 फीसदी तक टूटे।