Stock Market: सेंसेक्स 1352 अंक गिरकर 77600 से नीचे, निफ्टी 24028 पर बंद

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Closed: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते सोमवार को घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1352.74 अंक या 1.71 प्रतिशत गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 422.40 अंक या 1.73 प्रतिशत गिरकर 24,028.05 पर बंद हुआ।  

एक समय निफ्टी भी दिन के निचले स्तर 23697 के लेवल को टच कर गया था। एनसई पर 644 स्टॉक्स हरे और 2631 लाल निशान पर बंद हुए। 787 शेयर एक साल के निचले स्तर पर बंद हुए और 173 में लोअर सर्किट लगा।

निफ्टी टॉप लूजर्स की लिस्ट में टाटा मोटर्स और अल्ट्राटेक 5 प्रतिशत से अधिक नुकसान के साथ बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, आयशर मोटर्स और बजाज ऑटो में 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट रही।

रिलायंस और आईटी शेयरों में मजबूती
गिरते बाजार में कुछ शेयरों में मजबूती भी देखने को मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 1.05 प्रतिशत बढ़कर 1,419.95 रुपये पर बंद हुआ और यह निफ्टी का सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा इन्फोसिस में 0.52 प्रतिशत, सन फार्मा में 0.35 प्रतिशत, एचसीएल टेक में 0.30 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 0.23 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। गिरावट के माहौल में आईटी और फार्मा सेक्टर के शेयर अपेक्षाकृत मजबूत नजर आए।

अल्ट्राटेक, मारुति और एमएंडएम में बड़ी गिरावट
निफ्टी 50 में कई बड़े शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली। अल्ट्राटेक सीमेंट करीब 4.98 प्रतिशत गिरकर 11,390 रुपये के आसपास बंद हुआ और यह दिन का सबसे बड़ा लूजर रहा। इसके अलावा मारुति सुजुकी में 4.53 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4.52 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 3.81 प्रतिशत, टाटा स्टील में 3.68 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स में 3.68 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही इंडिगो, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और एलटी जैसे बड़े शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली।

पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा टूटा
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सोमवार को लगभग सभी सेक्टर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली और यह करीब 5 से 6 प्रतिशत तक टूट गया। इसके अलावा ऑटो, मेटल, रियल्टी और प्राइवेट बैंक सेक्टर में भी 3 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव
बाजार की गिरावट का असर व्यापक बाजार पर भी दिखाई दिया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली और कई शेयरों में 2 से 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ है कि बाजार में कमजोरी सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही बल्कि पूरे बाजार में दबाव बना रहा।