नई दिल्ली। Stock Market Closed : घरेलू शेयर बाजार में बुधवार का दिन एक बुरा सपना जैसा रहा है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स बुधवार को 1.40 प्रतिशत या फिर 1122.66 अंक की गिरावट के बाद 79,116.19 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 1.55 प्रतिशत या फिर 385.20 अंक की गिरावट के बाद 24480.50 अंक पर बंद हुआ है।
वैश्विक कमजोरी और पश्चिम एशिया तनाव के बीच बाजार में भारी बिकवाली, निफ्टी के 46 शेयर गिरावट में बंद हुये। टाटा स्टील का शेयर आज 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं बाजार के बंद होने के समय पर एलटी का शेयर 4.57 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस के शेयरों में 3.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
कई बड़े शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा। टाटा स्टील में सबसे ज्यादा करीब 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी और इंडिगो जैसे शेयरों में भी 3 से 5 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। ऑटो सेक्टर में मारुति और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी दबाव में बंद हुए।
बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बड़े बैंकिंग शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
गिरावट भरे बाजार में भी कुछ आईटी और चुनिंदा शेयरों में हल्की मजबूती देखने को मिली। भारती एयरटेल करीब 1.90 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर्स में रहा। इसके अलावा इन्फोसिस में लगभग 1.39 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि टेक महिंद्रा भी हल्की तेजी के साथ बंद हुआ। कमजोर बाजार के बावजूद इन शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।

