Stock Market: सेंसेक्स 1097 अंक गिरकर बंद, निवेशकों के 3 लाख करोड़ स्वाहा

0
8

नई दिल्ली। Stock Market Closed February 6, 2026: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1097 अंक या 1.37 प्रतिशत गिरकर 78,543.73 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 315.45 अंक या 1.27 प्रतिशत गिरकर 24,450.45 पर बंद हुआ।

इस गिरावट के साथ बाजार में एक दिन पहले आई रिकवरी भी खत्म हो गई। आईसीआईसीआई और एचडीएफ़सी जैसे प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का बाजार पर सबसे ज्यादा असर पड़ा। फाइनेंशियल और रियल्टी शेयरों में गिरावट ने भी बाजार को नीचे खींचा है।

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने की आशंकाओं ने निवेशकों के मन में बैचनी पैदा कर दी है। आईसीआईसीआई बैंक और इटरनल में सबसे ज्यादा करीब 3 फीसदी गिरावट रही। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये कम हो गया।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 79,658 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 78,812 अंक तक फिसल गया था। अंत में यह 1097.00 अंक या 1.37 फीसदी की गिरावट लेकर 78,918.90 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 24,656 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 24,415 अंक के इंट्रा-डे लो तक गया। अंत में 315.45 अंक या 1.27 प्रतिशत गिरकर 24,450 पर बंद हुआ।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक सबसे ज्यादा 3.19 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। इटरनल, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, अल्ट्रा सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एल एंड टी, मारुति, इंडिगो और भारती एयरटेल प्रमुख रूप से गिरावट में रहे।

वहीं ब्रोडर मार्केट में भी गिरावट देखने को मिली। हालांकि इसकी गिरावट मुख्य इंडेक्स की तुलना में कम रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.69 प्रतिशत गिरा, जबकि स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.24 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

सेक्टोरल स्तर पर निफ्टी आईटी, निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम और निफ्टी केमिकल्स को छोड़कर लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1,272.60 अंक यानी 2.15 प्रतिशत गिरकर 57,783.25 पर बंद हुआ।