सेंसेक्स 849 अंक टूटकर 80800 से नीचे बंद, निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये डूबे

0
13

नई दिल्ली। Stock Market Closed वैश्विक बाजारों से सुस्त संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (26 अगस्त) को बड़ी गिरावट में बंद हुए। सेंसेक्स 849.37 अंक या 1.04 फीसदी की गिरावट लेकर 80,786.54 पर बंद हुआ। इससे निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

अमेरिका के भारत से आयात पर टैरिफ लगाने की ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करने के चलते बाजार में बिकवाली दर्ज की गई। टैरिफ के प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंता और इसके कम होने या टलने की उम्मीदें कमजोर पड़ने से निवेशकों को बड़ा झटका लगा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 200 से ज्यादा अंक की गिरावट लेकर 81,377.39 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 80,685 अंक तक फिसल गया था। अंत में यह 849.37 अंक या 1.04 फीसदी की गिरावट लेकर 80,786.54 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty50) भी गिरावट के साथ 24,899 पर खुला। खुलते ही इंडेक्स में बिकवाली हावी हो गई। अंत में यह 255.70 अंक या 1.02 प्रतिशत गिरकर 24,712 पर बंद हुआ।

निवेशकों ने आज अमेरिका की तरफ से जारी नोटिस पर रियेक्ट किया। अमेरिका ने भारत से इम्पोर्ट पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दी है। यह नया टैरिफ 27 अगस्त, 2025 की सुबह 12:01 बजे (EST) से लागू होगा। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि भारत रूस से तेल खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में मास्को को फाइनेंशियल मदद दे रहा है।

यह 50% टैरिफ, 1 अगस्त से पहले लगाए गए 25% रेसिप्रोकल टैरिफ में शामिल अतिरिक्त शुल्क के साथ लागू होगा। इसका प्रभाव भारत के 87 अरब डॉलर (लगभग 7.3 लाख करोड़ रुपये) के अमेरिकी निर्यात पर पड़ सकता है।

इसमें कपड़ा, रत्न और आभूषण, चमड़ा, समुद्री उत्पाद, रसायन और ऑटो पार्ट्स जैसे उद्योग सबसे अधिक प्रभावित होंगे। हालांकि, फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर्स और ऊर्जा संसाधन जैसी कुछ महत्वपूर्ण श्रेणियों को इससे छूट दी गई है।

24 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए
सेंसेक्स की टॉप 30 कंपनियों में से 24 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सनफार्मा के शेयर 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ है। टाटा स्टील, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व के शेयरों की कीमतों में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। रिलायंस, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स के शेयरों में भी गिरावट आज देखने को मिली है। एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक, पावरग्रिड, टाटा मोटर्स, इंफोसिस के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली है। दूसरी तरफ से इस गिरावट के बीच हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ बंद हुआ है। टीसीएस, आईटीसी, मारुति के शेयरों में भी आज तेजी देखने को मिली है।