सेंसेक्स की शीर्ष 8 कंपनियों की मार्केट कैप 4.13 लाख करोड़ बढ़ी, HDFC Bank आगे

0
10

नई दिल्ली। Market Cap: पिछले हफ्ते शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली, जिसका सीधा फायदा देश की बड़ी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन पर पड़ा। टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,13,003.23 करोड़ रुपये बढ़ गया। इस बढ़त में सबसे ज्यादा फायदा एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को हुआ।

बाजार की बात करें तो बीते सप्ताह बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 4,230.7 अंक यानी 5.77 प्रतिशत चढ़ा। वहीं एनएसई निफ्टी में भी 1,337.5 अंक यानी 5.88 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई।

शेयर बाजार में टॉप-10 कंपनियों के समूह में इस हफ्ते मिला-जुला रुख देखने को मिला। कुछ बड़ी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में जोरदार बढ़त दर्ज की गई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस को नुकसान झेलना पड़ा। एचडीएफसी बैंक ने इस दौरान सबसे ज्यादा बढ़त हासिल की। इसका मार्केट कैप 91,282.67 करोड़ रुपये बढ़कर 12,47,478.57 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन में भी मजबूत उछाल देखने को मिला। कंपनी का बाजार मूल्य 76,036.36 करोड़ रुपये बढ़कर 9,46,741.85 करोड़ रुपये हो गया। वहीं बजाज फाइनेंस ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और इसका मार्केट कैप 60,980.35 करोड़ रुपये बढ़कर 5,75,206.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

लार्सन एंड टुब्रो के बाजार मूल्यांकन में 47,624.97 करोड़ रुपये की तेजी आई और यह बढ़कर 5,44,736.59 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल का मार्केट कैप भी 45,873.43 करोड़ रुपये बढ़कर 10,66,293.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

शेयर बाजार में गुरुवार को बड़ी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में मिला-जुला रुख देखने को मिला। कुछ कंपनियों का मार्केट कैप बढ़ा तो कुछ में गिरावट दर्ज की गई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मार्केट कैप 43,614.67 करोड़ रुपये बढ़कर 9,84,629.98 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का मूल्यांकन 26,303.49 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 9,13,331.92 करोड़ रुपये हो गया।

हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में भी मजबूती दिखी और यह 21,287.29 करोड़ रुपये बढ़कर 5,06,477.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके उलट इंफोसिस के मार्केट कैप में 3,285.03 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 5,24,124.40 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह Reliance Industries का मूल्यांकन भी 947.28 करोड़ रुपये कम हो गया, हालांकि कंपनी अब भी सबसे ज्यादा वैल्यू वाली घरेलू कंपनी बनी हुई है।

बाजार मूल्यांकन के लिहाज से टॉप कंपनियों की सूची में रिलायंस के बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।